बरेली। शहर में बेहिसाब बढ़ी टेंपो की संख्या को नियंत्रित करने की कवायद शुरू कर दी गई है।
एसपी ट्रैफिक के निर्देश पर टीआई परवेज अली ने टेंपो ड्राइवरों को गाइड लाइन जारी की है। इसके मुताबिक देहात क्षेत्र के परमिट वाले टेंपो शहर में अवैध घोषित कर दिए गए हैं। इस श्रेणी के वाहनों का संचालन शहर के अंदर पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शहर परमिट के ड्राइवरों को सलाह दी कि वे अपने टेंपो के आगे और पीछे ‘सिटी परमिट’ लिखवा लें। इससे उन्हें चेकिंग के वक्त अनावश्यक रूप से नहीं रोका जाएगा। गलत तरीके से सिटी परमिट लिखवाने वालों पर भी कार्रवाई होगी।
अब बाइक भी उठाएगी क्रेन
बरेली। टीआई ने बताया कि बाजार, व्यस्त रास्तों पर बाइक और स्कूटी सवार अपने वाहनों को सड़क से उतारकर खड़ा करें। ऐसे वाहन सड़क पर खड़े करने से जाम लग जाता है। इससे आम जनता को परेशानी हो रही है। अब दोपहिया वाहनों को भी क्रेन से उठाया जाएगा। इन्हें जुर्माना वसूलकर रिलीज किया जाएगा।