बरेली। हिन्दू जागरण मंच के तत्वावधान में रविवार को हिन्दू साम्राज्योत्सव के उपलक्ष्य में छत्रपति शिवाजी महाराज की शोभायात्रा निकाली गई। ढोल नगाड़ों की थाप पर बाइक सवार युवक छत्रपति शिवाजी के जयघोष लगा रहे थे तो छत्रपति शिवाजी का स्वरूपधारी युवक यात्रा का नेतृत्व करते हुए चल रहा था।
तिलक इंटर कॉलेज से संघ के सुरेश ने भगवा झंडी दिखा कर शोभायात्रा का शुभारंभ किया। जो तिलक इंटर कॉलेज से किला, साहूकारा फाटक, बड़ा बाजार, दयानंद चौक, घंटाघर, कोतवाली, पटेल चौक, चौकी चौराहा, कंपनी गार्डन, श्यामगंज, स्टेडियम, डीडीपुरम होते हुए छत्रपति शिवाजी चौक पर संपन्न हुई। जिलाध्यक्ष विजय गंगवार ने बताया कि शोभायात्रा में करीब 12 सौ बाइक और दो खुली जीप शामिल रहीं। इस दौरान कार्यक्रम संयोजक शिवम वर्मा, सहसंयोजक अरुण खुराना, सह संयोजक नवाबगंज विधायक केसर सिंह गंगवार, डॉ. पंकज गंगवार और अन्य लोग मौजूद रहे।
छत्रपति शिवाजी के शौर्य, पराक्रम पर रखे विचार
अधिवक्ता परिषद ने रविवार को छत्रपति शिवाजी महाराज के जन्मदिन को हिंदू साम्राज्य दिवस के रूप में मनाया। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष पूरन लाल प्रजापति और संचालन महामंत्री अनुज कांत सक्सेना ने किया। कार्यक्रम में विभाग कार्यवाहक सुरेश भाई मौजूद रहे। इस दौरान छत्रपति शिवाजी के शौर्य, पराक्रम पर अधिवक्ता परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष भारत भूषण शील, राजेश यादव, परेश मिश्रा, ओमपाल सिंह, सुभाष चंद्र जौहरी ने विचार व्यक्त किए।