बरेली। चौपुला ओवरब्रिज विस्तार के क्रम में मंगलवार से वाहनों का डायवर्जन लागू होना था। इसमें चौपुला से चौकी चौराहे की ओर आने-जाने वाले भारी वाहनों को रोका जाना था। पहले दिन सेतु निगम की टीम ने काम शुरू नहीं किया, केवल मशीनों को उठाकर रखा गया। इसलिए चौड़े रोड पर आवागमन में समस्या नहीं आई। सोमवार को यहां भीषण जाम लगा था, मंगलवार को रास्ते खाली नजर आए।
ओवरब्रिज निर्माण में दिशा बदलने के बाद सोमवार को चौपुला से अयूब खां चौराहा रोड पूरी तरह खोल दिया गया। यहां अब दोनों ओर से वाहनों का आवागमन जारी है। मंगलवार से यातायात पुलिस ने डायवर्जन लागू करने की एडवायजरी जारी की। सुबह सात से रात 10 बजे तक के लिए डायवर्जन लागू किया गया। चौकी चौराहा से लाल फाटक रोड पर वाहनों का आवागमन बढ़ाने का प्रस्ताव था और चौपुला की दिशा में वाहनों की संख्या सीमित करनी थी। मंगलवार को काम शुरू न होने की वजह से डायवर्जन भी खास प्रभावित नहीं रहा। हालांकि चौपुला के मुकाबले चौकी चौराहा से लाल फाटक को आने जाने वाले वाहनों की संख्या ज्यादा रही पर बसें इधर से भी निकलती रहीं। कई बसें चौपुला से अयूब खां होकर निकलीं तो कई पहले की तरह चौकी चौराहे की ओर से आती जाती रहीं। टीआई परवेज अली ने बताया कि एक-दो दिन में काम शुरू होते ही जब रोड घिरेगा तो डायवर्जन सख्ती से लागू कर दिया जाएगा। अभी रास्ते खाली हैं तो वाहन निकाल लिए जा रहे हैं।