बरेली। अलीगढ़ में मासूम के साथ हुई जघन्य हत्याकांड पर शहर भर में रविवार को भी प्रदर्शन और श्रद्धांजलि अर्पित करने का सिलसिला जारी रहा। शहर की हर गली, मोहल्ले और पार्क में एकजुट होकर विभिन्न धार्मिक, सामाजिक समितियों और संगठनों ने मासूम को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। फास्ट ट्रैक कोर्ट में केस चलाकर आरोपियों के लिए फांसी की सजा की मांग की।
सृजन वेलफेयर सोसायटी और अखिल भारतीय कायस्थ महासभा समेत कई संगठनों ने एकजुट होकर डीडीपुरम स्थित शहीद चौक पर आक्रोश रैली निकाली। पीड़ित बिटिया को इंसाफ दिलाने के लिए शासन-प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ कठोर सजा सुनाए जाने की मांग की। कायस्थ महासभा के उपमेंद्र सक्सेना ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार से मांग की। इस दौरान बिटिया को इंसाफ दिलाने के लिए मानव शृंखला बनाकर प्रदर्शन किया गया। लोगों ने नारेबाजी भी की। नया सवेरा वेलफेयर सोसायटी ने मासूम की निर्मम हत्या करने पर दोषियों के लिए फांसी की मांग की। वहीं, अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा ने सिविल लाइंस स्थित हनुमान मंदिर पर शोक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। जिलाध्यक्ष गजेंद्र पांडेय ने समाज को सुरक्षित बनाने के लिए कड़े कानून बनाकर हृदय विदारक घटनाओं पर तत्काल कठोर फैसला लेने की मांग की।