बरेली। निजी स्कूलों की ओर से की जा रही मनमानी फीस वसूली पर जल्द लगाम कसी जाएगी। जिला शुल्क निर्धारण कमेटी ने रिपोर्ट तैयार कर ली है। जिस पर निर्णय लेने के लिए कमेटी पदाधिकारी और डीआईओएस ने रिपोर्ट डीएम को भेज दी है। दूसरी ओर, वहींख अभिभावक संघ ने अधिकारियों के रवैए पर सवालिया निशान लगाया है।
अभिभावक संघ के अध्यक्ष अंकुर सक्सेना के मुताबिक पिछले वर्ष शुल्क निर्धारण कमेटी की पहली बैठक में 36 निजी स्कूलों का डाटा वेबसाइट पर अपलोड कराया गया। कमेटी सदस्यों ने रिकार्ड जांचे तो करीब 25 स्कूल मनमानी फीस वसूलते मिले। कार्रवाई के लिए कमेटी को फिर से बैठक बुलानी थी लेकिन पहले बोर्ड परीक्षा फिर चुनावों के चलते बैठक नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि पहले भी रिपोर्ट डीएम के पास पहुंची थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अबकी बार भी कोई एक्शन नहीं होगा तो उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।