बरेली। शहर के चौराहे कब्जाने वाले ई-रिक्शा और टेंपो वालों की दबंगई कम होने का नाम नहीं ले रही है। पुलिस से सेटिंग की बदौलत उन्हें कार्रवाई का डर नहीं है। गुरुवार को भी दिन भर मनमानी जगह वाहन रोकने से अव्यवस्था का आलम रहा। शाम ढले एसपी ट्रैफिक ने खुद अभियान चलाकर मनमानी कर रहे वाहनों का चालान कराया।
शहर में अवैध रूप से सैकड़ों टेंपो और ई-रिक्शा का संचालन हो रहा है। मानक से कई गुना ज्यादा वाहन शहर की सड़कों पर दौड़ रहे हैं। अनदेखी के चलते देहात परमित के वाहन भी शहर में धड़ल्ले से चल रहे हैं। वाहनों की जरूरत से ज्यादा संख्या और अतिक्रमण के चलते संकुचित होते रास्तों से जाम लगना हर दिन की समस्या है। चौराहे घेरकर खड़े होने वाले वाहनचालक विरोध पर लोगों से अभद्रता करने से भी नहीं चूकते। तर्क रहता है कि पुलिस को बाकायदा महीना देते हैं तो डरने की क्या जरूरत है। गुरुवार को भी दिन भर ऐसा ही नजारा शहर की सड़कों पर दिखा।
हालांकि, श्यामगंज चौकी के सामने बुधवार के मुकाबले कम टेंपो खड़े दिखे। मगर शाहदाना चौराहे पर ओवरब्रिज के पिलर से सटाकर टेंपो, ई-रिक्शा खड़े थे। दोपहर से शाम तक यही स्थिति रही। बरेली कॉलेज के पास भी टेंपो का जमावड़ा लगा रहा। हालांकि ईद के दूसरे दिन सड़कों पर चहल-पहल कम थी लेकिन वाहनों का जमावाड़ा बदस्तूर कायम था।
शाम ढले एसपी ट्रैफिक सुभाष चंद्र गंगवार टीआई जेएन अस्थाना और टीम को लेकर निकले। सड़क पर रोककर सवारियां बैठाते और चौराहों पर बेतरतीब खड़े टेंपो, ई-रिक्शा की धरपकड़ शुरू कराई। चौकी चौराहे से श्यामगंज तक शाम ढले चालीस वाहनों के चालान किए गए। एसपी ट्रैफिक ने ऑटो ड्राइवरों को नियमों का पालन करते हुए हद में रहकर वाहन संचालन करने की चेतावनी दी।
ऊबड़खाबड़ सड़क ठीक कराने को लिखेंगे पत्र : एसपी ट्रैफिक
एसपी ट्रैफिक ने बताया कि श्यामगंज पुल पर चौराहे के पास और शाहदाना की ओर सड़क खुदी पड़ी है। चौराहे के पास अगर नगर निगम टाइल्स लगवाकर सड़क सही करा दे तो वाहनों की निकासी के लिए काफी सड़क बच जाएगी। साथ ही यहां बीच में रखे कूड़ेदान हटाने से भी स्पेस मिलेगा। चौपुला पर भी कुछ जगह ऐसा ही हाल है। कहा, इसके लिए वह नगर निगम को पत्र लिखेंगे। निगम से संबंधित स्थानों पर सड़क को व्यवस्थित करने का अनुरोध करेंगे ताकि जनता को परेशानी से बचाया जा सके।