बरेली। आंवला और बरेली लोकसभा सीटों की जीत को लेकर चारों प्रमुख राजनीतिक दल भाजपा, सपा-बसपा और कांग्रेस जिलाध्यक्षों ने जीत के दावे किए हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष रविंद्र सिंह राठौर ने बरेली लोकसभा सीट एक लाख और आंवला लोकसभा सीट 50 हजार से अधिक वोटों से जीतने का दावा किया। वहीं सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव और बसपा जिलाध्यक्ष राजेश सागर ने कहा कि दोनों लोकसभा सीटों पर गठबंधन प्रत्याशी भारी वोटों से चुनाव जीतेंगे। भाजपा के दावों की हवा निकल जाएगी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामदेव पांडेय ने कहा कि कांग्रेस को इस बार जनता का भरपूर साथ मिला है। सांप्रदायिक और जातिवादी ताकतों की पराजय होगी।
‘बरेली और आंवला लोकसभा सीटें भाजपा बड़े अंतर से जीतेगी। विपक्ष चुनाव परिणाम आने से पहले ही ईवीएम को लेकर बहाने बनाने लगा है। भाजपा की जीत विपक्ष भी समझ रहा है। इसीलिए इनके नेताओं ने अपना विवेक खो दिया है।’
- रविंद्र सिंह राठौर, जिलाध्यक्ष भाजपा
‘सपा-बसपा गठबंधन बरेली और आंवला दोनों लोकसभा सीटें जीतेगा। भाजपा नेता अति आत्मविश्वास में बोल रहे हैं। उनको भी हकीकत पता है कि गठबंधन ने पूरे प्रदेश में भाजपा को करारी शिकस्त दी है। केंद्र में गठबंधन की सरकार बनेगी।’
- शुभलेश यादव, जिलाध्यक्ष सपा
‘मतगणना की तैयारी पूरी हो चुकी है। गठबंधन दोनों लोकसभा सीटों पर बडे़ अंतर से चुनाव जीत रहा है। इसमें किसी तरह का संशय नहीं है। चुनाव परिणाम आते ही भाजपा नेताओं को चेहरा छुपाने की जगह नहीं मिलेगी।’
- राजेश सागर, जिलाध्यक्ष बसपा
‘कांग्रेस ने बरेली और आंवला लोकसभा सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ा है। दोनों सीटों पर जनता ने सांप्रदायिक और जातिवादी ताकतों के मंसूबे ध्वस्त कर दिए हैं। कांग्रेस के पक्ष में चमत्कारिक परिणाम आएंगे और दोनों प्रत्याशी जीतेेंगे।’
- रामेदव पांडेय, जिलाध्यक्ष कांग्रेस