बरेली। 23 मई को मतगणना के लिए सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं। पैरामिलिट्री फोर्स पहले से तैनात है, इसके अलावा पीएसी, पुलिस और होमगार्ड्स की भी तैनाती की जाएगी। विजय जुलूस या मतगणना के नतीजों पर हंगामा करने वालों पर तत्काल हवालात में डालने के निर्देश दे दिए गए हैं।
जिले भर के थानों की पुलिस मतगणना के दौरान बाहरी हिस्से में तैनात रहेगी। एक प्लाटून पैरामिलिट्री फोर्स पहले से ईवीएम की सुरक्षा में है। एक कंपनी पैरामिलिट्री मतगणना के लिहाज से मिलने जा रही है। इसके अलावा ढाई कंपनी पीएसी सुरक्षा में रहेगी। पहली शिफ्ट में चार सीओ, 14 एसओ, 700 कांस्टेबल, 300 होमगार्ड तैनात रहेंगे। ये शिफ्ट मतगणना शुरू होने के बाद करीब शाम चार बजे तक काम करेगी। बाद में दूसरी शिफ्ट में भी इतना ही स्टाफ लगेगा। तीसरी शिफ्ट की जरूरत पड़ी तो पहली शिफ्ट का स्टाफ दोबारा बुला लिया जाएगा। खुफिया अमले ने अंदेशा जताया है कि कुछ लोगों ने चुनाव में हार पर हंगामा करने का प्लान बना रखा है। अधिकारियों ने निर्देश दिए हैं कि ऐसे हालात में तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए। विजय जुलूस के नाम पर गुंडागर्दी करने वालों पर भी नजर रखी जाएगी।
अफवाह फैलाई तो खैर नहीं
मतगणना स्थल के अलावा शहर में भी भारी भरकम फोर्स लगाया जाएगा। खुफिया अमला भी सतर्क रहेगा। अफवाह फैलाने वालों और झगड़ा करने वालों पर नजर रखी जाएगी। ऐसी स्थिति में तत्काल ही गिरफ्तारी कराकर हवालात भेजा जाएगा।
सिर्फ पेन और कॉपी ले जा सकेंगे
मतगणना स्थल पर वही चुनिंदा लोग जा सकेंगे जो इसके लिए अधिकृत होंगे। वे केवल कॉपी और पेन ही ले जा सकेंगे। मोबाइल फोन का प्रयोग भी पूरी तरह निषिद्ध रहेगा। गेट पर ही सघनता से चेकिंग कराई जाएगी। अंदर तलाशी में कुछ संदिग्ध मिला तो कार्रवाई होगी।
मतगणना सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगी। पूरी पारदर्शिता बरती जाएगी मगर इसके बावजूद कोई परिणाम से संतुष्ट न हो तो वैध तरीके से चुनाव आयोग को अपना प्रत्यावेदन दे सकता है। कोर्ट में जाने का भी विकल्प है पर अराजकता किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। बरेली और मुरादाबाद रेंज के सभी एसपी को इस बारे में स्पष्ट निर्देश दे दिए हैं। मैं और डीआईजी खुद स्थिति पर नजर रखेंगे। - अविनाश चंद्र, एडीजी जोन