बरेली। इंडियन सर्टिफिकेट ऑफ सेकेंडी एजुकेशन (आईसीएसई) का रिजल्ट भी मंगलवार को आईएससी के साथ ही जारी किया गया। मगर वेबसाइट पर लोड बढ़ने के चलते स्कूल आईसीएसई (10वीं) का कंपाइल रिजल्ट डाउनलोड नहीं कर सके। बच्चे अपना अलग-अलग रिजल्ट डाउनलोड करके खुद को टॉपर बताते रहे, लेकिन स्कूलों ने कोई घोषणा नहीं की, जिसके चलते देर रात तक उठापटक चलती रही, लेकिन 10वीं में कोई टॉपर अधिकृत रूप से घोषित नहीं हो सका। अब बुधवार को स्कूलों ने टॉपर घोषित करने की बात कही है।
मंगलवार को दोपहर तीन बजे आईसीएसई और आईएससी का रिजल्ट एक साथ जारी हुआ तो वेबसाइट पर लोड पड़ गया, जिसके चलते स्कूलों का 12वीं का कंपाइल रिजल्ट तो डाउनलोड हो गया, लेकिन 10वीं का रिजल्ट डाउनलोड नहीं हुआ। हालांकि बच्चों के एक-एक रिजल्ट डाउनलोड होते रहे। मगर इससे टॉपर का पता लगाना बहुत मुश्किल काम था। ऐसे में स्कूल प्रबंधन ने बोर्ड में संपर्क किया, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। बल्कि थोड़ी देर बाद कंपाइल रिजल्ट का विकल्प ही वेबसाइट से हटा दिया गया। इसके बाद सबने हाथ-पैर मारने बंद कर दिए। शाम पांच बजे के बाद विकल्प तो दोबारा खुल गया, लेकिन कंपाइल रिजल्ट की डाउनलोडिंग नहीं हो सकी। हार्टमन सीनियर सेकेंड्री स्कूल, सेंट मारिया गोरेटी इंटर कॉलेज, जीपीएम इंटर कॉलेज आदि में देर शाम तक प्रबंधन इसमें जुटा रहा, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। इसके बाद स्कूलों ने बुधवार को टॉपर्स घोषित करने की बात कही।
रिजल्ट का सर्वर हैंग हो रहा है, हम लोग काफी प्रयास करते रहे। 10वीं में बच्चों के व्यक्तिगत रिजल्ट तो डाउनलोड हुए हैं, लेकिन किसी भी स्कूल का कंपाइल रिजल्ट डाउनलोड नहीं हुआ। ऐसे में हम कुछ नहीं कह सकते।
- सिस्टर अल्फोंसा, प्रिंसिपल, सेंटर मारिया गोरेटी इंटर कॉलेज
देर शाम तक हम लोग रिजल्ट डाउनलोड करने का प्रयास करते रहे, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। बच्चे खुद को टॉपर होने का दावा कर रहे हैं, वे सही हो सकते हैं, लेकिन कंपाइल रिजल्ट न होने तक हम इसे घोषित नहीं कर सकते।
- बासिल रुंडा, वाइस प्रिंसिपल, हार्टमन सीनियर सेकेंड्री स्कूल
हार्टमन के क्षितिज सिंह को 10वीं में मिले 98.2 फीसदी अंक
बरेली। हार्टमन के छात्र क्षितिज सिंह को आईसीएसई (10वीं) में मंगलवार को आए रिजल्ट में 98.2 प्रतिशत अंक मिले हैं। मंगलवार को सामने आए सभी रिजल्ट में यह सर्वाधिक हैं। वह टॉपर भी हो सकते हैं, लेकिन स्कूलों का कंपाइल रिजल्ट न होने के चलते इसकी घोषणा नहीं हो सकी।
क्षितिज को कंप्यूटर साइंस में 100, मैथ्स में 99, अंग्रेजी में 96, सोशल साइंस और हिंदी में 98-98 अंक मिले हैं। ग्रीन पार्क निवासी क्षितिज सिंह बरेली कॉलेज के एसोसिएट प्रोफेसर डीके सिंह के बेटे हैं। क्षितिज सिविल सर्विसेज में जाना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि सफलता के बहुत ज्यादा पढ़ना जरूरी नहीं, लेकिन नियमित होना जरूरी है। वह उतनी देर ही पढ़े, जितना मन किया। परिवार ने हमेशा व्यवस्थाएं बनाने में सपोर्ट किया। पढ़ाई के लिए उन्होंने खुद अपनी जिम्मेदारी से तैयारी की। अंग्रेजी को महत्वपूर्ण विषय बताया और कहा कि समय मिलने पर वह टीवी पर अंग्रेजी डिबेट देखते थे।
श्रुति गांधी को 96.6 प्रतिशत अंक
बरेली। हार्टमन की छात्रा श्रुति गांधी को 96.6 प्रतिशत अंक मिले हैं। उन्होंने अंग्रेजी, कंप्यूटर में 100-100, मैथ्स में 95, फिजिक्स में 95 और केमिस्ट्री में 89 अंक हासिल किए हैं। श्रुति इस समय मेडिकल की तैयारी कर रही हैं और डॉक्टर बनना चाहती हैं। श्रुति के पिता नीरज गांधी ने भी उसके स्कूल में तीसरे नंबर पर होने का दावा किया, मगर स्कूल ने इस पर मुहर नहीं लगाई।