भुता (बरेली)। किशोरी के अपहरण के मामले में सह आरोपी के तौर पर नामजद एक बेसिक शिक्षक को पुलिस ने स्कूल से गिरफ्तार किया तो शिक्षक संगठन ने इस पर खासी नाराजगी जताई। शिक्षक इस मामले में पुलिस अधिकारियों से मिलकर शिकायत कर सकते हैं।
सात जनवरी को थाना क्षेत्र के एक गांव से नाबालिग लड़की लापता हो गई थी। उसके पिता ने एक युवक के साथ ही उसके परिवार के तीन अन्य लोगों के खिलाफ बेटी को फुसलाकर अगवा करने की रिपोर्ट कराई थी। सोमवार को लड़की पक्ष के लोगों ने एसएसपी से शिकायत की कि पुलिस किसी की गिरफ्तारी नहीं कर रही है। तब पुलिस ने सैदपुर कुर्मियान प्राइमरी स्कूल में बच्चों को पढ़ा रहे शिक्षक मोहनलाल को हिरासत में ले लिया जो आरोपी के रिश्तेदार होने के साथ ही केस में नामजद हैं। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष नरेश गंगवार आदि ने इस पर नाराजगी जताकर बीएसए से शिकायत की। नरेश ने कहा कि स्कूल से गिरफ्तारी करने से बच्चों और अभिभावकों में दहशत है। वे लोग इस मामले में एसएसपी से मिलकर पुलिस की शिकायत करेंगे। वहीं, थाना प्रभारी वीरेंद्र राणा का कहना है कि लड़की को खोजने के लिए दबाव बनाने को यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने शिक्षक को स्कूल से नहीं, बल्कि रास्ते से गिरफ्तार किया। लड़की नहीं मिली तो दूसरे नामजद आरोपियों को भी पकड़ेंगे।