बरेली। बीएसएनएल ने बरेली और सहारनपुर जिलों में 4-जी मोबाइल फोन सेवाएं शुरू दी हैं। बरेली में अभी सिर्फ आंवला, मीरगंज और फरीदपुर तहसीलों में इसकी शुरूआत हुई है। जीएम ने सिम जारी कर नई सेवा का शुभारंभ किया। इसके साथ ही बीएसएनएल सिम बदलने का काम भी शुरू हो गया है।
शुक्रवार दोपहर बीएसएनएल जीएम चरण सिंह ने सहयोगी अफसरों को नए वर्जन का सिम जारी करते हुए कहा कि 4-जी नेटवर्क से बेहतर सेवाएं मिलना तय हैं। पत्रकारवार्ता में बताया कि इस पर 3-जी से छह गुना तेज इंटरनेट मिलेगा। इसके साथ ही असीमित बातचीत और एक जीबी हर दिन डाटा मिलेगा। उन्होंने बताया कि अगले सप्ताह बहेड़ी और नवाबगंज तहसील में यह सेवा शुरू होगी। ग्रामीण इलाकों 91 में से 71 टावर अपग्रेड हो गए हैं, इनसे ही 4-जी नेटवर्क मिलेगा। नई सेवा से करीब डेढ़ लाख उपभोक्ता सीधे जुड़ेंगे। नया सिम संबंधित एसडीओ कार्यालय से मुफ्त में बदला जा सकता है। इसके साथ ही ग्रामीण एक्सचेंज तकनीक अपग्रेड हो रही है, इससे बेसिक और अन्य सेवाएं बेहतर होंगी। इस मौके पर हीरालाल, एकेएस पुंडीर, नरेंद्र चौहान, उमेश गंगवार, एके सक्सेना आदि मौजूद रहे।