बरेली। बीएड प्रवेश परीक्षा-2019 कराने की जिम्मेदारी मिलने के बाद एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने आवेदन प्रक्रिया की तैयारी शुरू कर दी है। फरवरी के प्रथम सप्ताह से आवेदन शुरू हो जाएंगे। बीएड विभाग के प्रोफेसर बीआर कुकरेती को प्रवेश परीक्षा का स्टेट कोआर्डिनेटर बनाया गया है। उन्होंने बताया कि कमेटी गठित कर तीन दिन के भीतर आवेदन प्रक्रिया का शेड्यूल जारी कर दिया जाएगा।
पिछले कुछ वर्षों से बीएड प्रवेश परीक्षा लखनऊ विश्वविद्यालय करा रहा था। इस बार शासन ने इसकी जिम्मेदारी एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय को सौंपी है। विश्वविद्यालय ने भी आवेदन प्रक्रिया की तैयारी शुरू कर दी है। कुलपति प्रोफेसर अनिल शुक्ल ने बुधवार को बीएड विभाग के प्रोफेसर बीआर कुकरेती को प्रवेश परीक्षा का स्टेट कोआर्डिनेटर नामित किया। तीन दिन के अंदर बैठक कर अब उनके निर्देशन में एक समिति गठित की जाएगी। इसके बाद आवेदन प्रक्रिया और प्रवेश परीक्षा का शेड्यूल बनाया जाएगा। फरवरी के प्रथम सप्ताह से आवेदन शुरू करा दिए जाएंगे। आवेदन के लिए एक अलग वेबसाइट बनाई जाएगी। इसका लिंक रुहेलखंड विश्वविद्यालय की वेबसाइट से जोड़ा जाएगा, जिसका नोटिफिकेशन 25 जनवरी तक जारी कर दिया जाएगा। आवेदन के लिए अभ्यर्थियों को एक माह से ज्यादा का वक्त मिलेगा। आवेदन फॉर्म में होने वाली गलतियां दुरुस्त कराने के लिए सुविधा भी ऑनलाइन दी जाएगी।