धौरहरा। तहसील क्षेत्र में जहां भूमाफिया दस्तावेजों में हेराफेरी कर सरकारी भूमि के मालिक बन बैठे हैं, वहीं पीलीभीत-बस्ती राजमार्ग भी अवैध कब्जे से अछूता नहीं है। यहां पीडब्ल्यूडी की कीमती भूमि पर भी लोगों ने अवैध कब्जे कर लिए है। सहायक अभियंता निर्माण खंड ने 39 अबैध कब्जेदारों को नोटिस जारी किए हैं।
सिसैया चौराहा के निकट पीलीभीत राजमार्ग किनारे लोक निर्माण विभाग की बेशकीमती भूमि पर धौरहरा, सिसैया, अवस्थीपुरवा, ईसानगर के कई लोगों ने अवैध कब्जा करके सरकारी भूमि पर पक्की दुकानें, छप्पर, झाला आदि बनाकर अवैध रूप से कब्जा कर लिया है। मामले को पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों ने संज्ञान में लेकर सिसैया गांव निवासी इस्माइल, इमरान, अशफाक, मुबारक, इश्तियाक, नीलू, बाबूराम, देवेंद्र, इमरान, तजुद्दीन, शरीफ, श्रवण अवस्थी, प्रेम प्रकाश, साहिल, बाबू, राजू, राकेश, जियाउल, शकील, कैलाश, एहसान सोनू सहित 39 लोगों को धारा 441आईपीसी के उल्लंघन करने के अपराध की धारा 447 के अंतर्गत नोटिस जारी किए हैं। 25 नवंबर तक भूमि खाली कराने को कहा गया है। अवर अभियंता इंचार्ज मार्ग राकेश कुमार ने बताया कि नोटिस के बाद भी कब्जा नहीं हटने संबंधित के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।