कई दिनों बाद शनिवार को हुई जोरदार बारिश से नगर निगम के नाले-नालियों की सफाई के दावों की हकीकत सामने आ गई। बारिश से ज्यादातर नाले-नालियां उफना गए। सड़कों पर जगह-जगह हुए जलभराव ने शहर का हुलिया बिगाड़ दिया। बारिश के बाद गली-कूचों में जमा गंदगी दलदल में तब्दील हो गई।
सुभाषनगर पुलिया के नीचे पानी भरने से लोगों को खासी दिक्कत का सामना करना पड़ा। कहने को पिछले हफ्ते ही नगर निगम ने यहां नाले की सफाई कराई थी। इसके लिए कई दिन तक यातायात भी रोका गया था। बदायूं रोड का नाला बंद होने से सुभाषनगर में घरों में पानी घुस गया। सिविल लाइंस और श्यामगंज तक में बारिश के पानी से सड़कें लबालब रहीं। जोगी नवादा में वनखंडीनाथ मंदिर के नजदीक नाले की गंदगी सड़क पर आ जाने से लोग बदबू के मारे बेहाल हो गए। काफी देर तक इस सड़क से गुजरने की हिम्मत नहीं जुटा सका। हजियापुर चुंगी इलाके में भी नाला बंद होने से पानी घरों में घुस गया। लोगों को कमर तक पानी से होकर बाहर जाना पड़ा।
लबालब हुई कुमार टाकीज रोड
कुमार टाकीज के ठीक सामने सड़क चंद मिनटों में ही लबालब हो गयी। दुकानदार दर्शनलाल भाटिया ने बताया कि चोक नाला नाली से यहां अक्सर जलभराव रहता है। नालों में मलबा भरा पड़ा है। वहीं, पंजाबी मार्केट में सरस्वती सदन से लेकर इंदिरा मार्केट तक दो से तीन पट तक पानी भर गया। दुकानदारों ने बताया कि मार्केट की दुकानों के सामने नाले के अंदर छोटे-छोटे पाइप पड़े हैैं। बारिश में कूड़ा फंसने पर नाले का पानी सड़क से दुकानों में घुस जाता है।
सड़क पर फैले गंदगी के ढेर
हजियापुर द्वितीय में नगर निगम के आश्रय स्थल के चारों ओर लगे गंदगी के ढेर बारिश के बाद दलदल में तब्दील हो गए। थाना बारादरी के नजदीक सड़क जलमग्न रही। एसपी आफिस के सामने, कालीबाड़ी, सिकलापुर, सिविल लाइंस, बिहारीपुर, बमनपुरी, जगतपुर आदि में नालियां चोक होने से सड़क और गलियों में जलभराव रहा। एजाज नगर गौटिया में भी कमोवेश यही हाल रहा। वहीं, कटरा चांद खां, चौपला ओवरब्रिज, रेलवे कॉलोनी, मढ़ीनाथ, संजय नगर, बाकरगंज में जलभराव और गंदगी से राहगीर बेहाल रहे।