बरेली। तापमान बढ़ने के साथ बिजली कटौती सताने लगी है। कभी ट्रांसफार्मर बदलने तो कभी मरम्मत के नाम पर कटौती की जा रही है। जगतपुर उपकेंद्र से बृहस्पतिवार को 15 घंटे तक कटौती की गई।
यहां 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर लगाने के लिए सुबह चार से शाम छह बजे तक कटौती की सूचना उपभोक्ताओं को दी गई थी, लेकिन रात 10 बजे के बाद आपूर्ति बहाल हो सकी। इसके बाद उपकेंद्र के मीरा की पैठ फीडर के पैनल का बॉक्स जलने से आपूर्ति ठप हो गई। कई इलाकों में बंच केबल जलने से शहरवासी गर्मी में परेशान हुए।
जगतपुर उपकेंद्र से कटौती के कारण जगतपुर, पनवड़िया, नवादा शेखान, रोहिली टोला, चक महमूद, छोटा मंदिर, सकलैन नगर, भूसे की टाल, आकाशपुरम, सतीपुर, पशुपति बिहार, गुलजारनगर, पंचशीलनगर, सेटेलाइट बस अड्डा रोड, आजादनगर, राजनगर, मीरा की पैठ, बुखारपुरा, बालजाती कुआं, एजाजनगर गौटिया, मोहन तालाब आदि इलाके के करीब 15 हजार उपभोक्ता प्रभावित हुए।
मिशन उपकेंद्र के किला फीडर पर दिनभर समस्या बनी रही। यहां भी पांच हजार उपभोक्ताओं ने आठ घंटे तक कटौती का सामना किया। रात में भी ट्रिपिंग और लो वोल्टेज की समस्या बनी रही। इसके अलावा किला, कुतुबखाना, हरूनगला, सुभाषनगर, मढ़ीनाथ उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में ओवरलोडिंग के कारण ट्रिपिंग होती रही।
मलूकपुर, जीजीआईसी, सिटी सब्जी मंडी, कुंवरपुर, चौपुला, बिहारीपुर, कुंवरपुर तलैया, रामनाथ की डेयरी आदि इलाकों में भी उपभोक्ता परेशान रहे। संवाद