बरेली। ग्रीन पार्क से सटे बिशप चाइल्ड केयर स्कूल में प्रार्थना सभा के दौरान मासूमों को श्रीलंका आतंकी हमले का वीडियो दिखाने के मामले में स्कूल प्रबंधन पर्दा डालने की तैयारी में जुट गया है। प्रबंधक फादर हैरी ने वीडियो दिखाए जाने की घटना को स्टाफ की भूल बताया। साथ ही, यह कहा कि स्टाफ की इस गलती की वह जांच करा रहे हैं। जांच में दोषी मिलने की स्थिति में स्टाफ पर कार्रवाई होगी।
सोमवार को बिशप चाइल्ड केयर स्कूल के आडिटोरियम में लंच ब्रेक के बाद श्रीलंका में हुए आतंकी हमले के मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए प्रार्थना सभा का आयोजन हुआ। इसमें बच्चों को हमले का वीभत्स वीडियो दिखाया गया। वीडियो में बम विस्फोट से उत्पन्न खतरनाक दृश्य देखते ही बच्चे घबरा गए। मिली जानकारी के अनुसार एक बच्चे ने स्टाफ के सामने यह आपत्ति भी जताई कि श्रीलंका बम विस्फोट में मारे गए लोगों का वीडियो उनको क्यों दिखाया गया? अगर वीडियो दिखाना ही था तो पुलवामा हमले के शहीदों का भी वीडियो दिखाना चाहिए। मामले की जानकारी होने पर पेरेंट्स ने भी आपत्ति जताई। इसके बाद स्कूल प्रबंधन सकते में आ गया। हालांकि पैरेंट्स ने मौखिक रूप से आपत्ति जताने के बाद कहीं कोई लिखित शिकायत नहीं की। मगर विश्व हिंदू परिषद ने मामले में बुधवार को डीएम और एसएसपी से मिलकर जांच कराने की मांग के लिए ज्ञापन देने की बात कही है। उधर, मंगलवार को मामले पर सफाई देते हुए स्कूल के प्रबंधक फादर हैरी ने कहा कि सोमवार को प्रिंसिपल स्कूल में मौजूद नहीं थे। उनकी अनुपस्थिति में स्टाफ ने प्रार्थना सभा आयोजित की थी। मामले की गंभीरता की जानकारी न होने के चलते आसार है कि कंप्यूटर ऑपरेटर की टीम ने भूलवश यह वीडियो चला दिया। मामला गंभीर है इसलिए पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और वीडियो चलाने वाले संबंधित स्टाफ पर कार्रवाई होगी।
डीएम-एसएसपी को ज्ञापन देगा विहिप
विश्व हिंदू परिषद के विभाग अध्यक्ष पवन अरोड़ा ने बताया कि चाइल्ड केयर स्कूल में मासूमों के सामने श्रीलंका बम विस्फोट का वीडियो दिखाना बेहद आपत्तिजनक है। आखिरकार ऐसे वीडियो दिखाने का मकसद क्या है? विहिप मामले में बुधवार को महानगर पदाधिकारियों के साथ डीएम और एसएसपी से मिलकर ज्ञापन देगी और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग करेगी।
उस दिन प्रिंसिपल स्कूल में मौजूद नहीं थे। इसलिए कुछ शिक्षक या कर्मचारी गलती कर गए। हम इसकी जांच करा रहे हैं। दोषी मिलने पर संबंधित स्टाफ पर कार्रवाई की जाएगी। - हेरॉल्ड डी कुन्हा, मैनेजर बिशप