शाहजहांपुर। मतदान के दौरान बूथों पर ईवीएम के संचालन में किसी तरह की त्रुटि पाए जाने पर संबंधित पोलिंग पार्टी के पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारी जवाबदेह होंगे। सेंट पॉल्स इंटर कालेज में मतदान कर्मियों के ईवीएम प्रशिक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम अमृत त्रिपाठी ने इसी आशय की चेतावनी देते हुए कहा कि मतदान की ड्यूटी बेहतर तरीके से करने के लिए ईवीएम चलाने का प्रशिक्षण पूरी गंभीरता से लें। दूसरे चरण के प्रशिक्षण के पांचवें दिन बुधवार को दोनों पालियों मेें 540 टीमों से जुड़े 2160 कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाना था, लेकिन कई पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारी अनुपस्थित रहे। इस बीच, 1010 कर्मचारियों ने पोस्टल बैलेट से मतदान किया और प्रभारी अधिकारी (कार्मिक)/मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने पीठासीन अधिकारियों को निर्वाचन सामग्री के पैकेट वितरित कराए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण करते हुए डीएम त्रिपाठी ने कहा कि मतदान के दौरान किसी ईवीएम में कोई तकनीकी खराबी आ सकती है और इसके लिए रिजर्व श्रेणी में विभिन्न स्तरों पर ईवीएम उपलब्ध कराई गई हैं। ऐसी दशा में तत्काल मशीन बदलने की व्यवस्था की गई है, लेकिन उनके इस्तेमाल में किसी जानकारी का अभाव होने की बात सामने आने पर पीठासीन अधिकारी स्वयं उत्तरदायी होंगे। इसलिए प्रशिक्षण में समझाए जा रहे बिंदुओं का भली प्रकार मनन करने के साथ मास्टर ट्रेनर्स से निसंकोच सवाल कर ईवीएम को लेकर पहले से पूरी जानकारी कर लें।
प्रशिक्षण के दौरान पोस्टल बैलेट से मतदान के लिए आज भी पोलिंग पार्टियों के कर्मचारियों की लाइन दोपहर से लगनी शुरू हो गई और दूसरी पाली का प्रशिक्षण समाप्त होने के बाद तक कर्मचारी मतपेटिका के सामने कतारबद्ध रहे। प्रभारी अधिकारी पोस्टल बैलेट/जिला कृषि अधिकारी डॉ. सतीश चंद्र पाठक ने बताया कि बुधवार को 1010 कर्मचारियों ने मतदान किया। इन्हें मिलाकर अभी तक 4144 कर्मचारी मतदान कर चुके हैं। बाद में एआरओ/तिलहर के एसडीएम मोईन उल इस्लाम ने मतपेटिका सील कराकर जिला कोषागार में रखवा दी।