बरेली। ‘पर उपदेश कुशल बहुतेरे’ यह कहावत नगर निगम पर चरितार्थ होती है। बुधवार को जब नगर आयुक्त ने कार्यालयों का निरीक्षण किया तब इस जुमले की पुष्टि हुई, जिसमें शहर भर को स्वच्छता का पाठ पढ़ाने वाले नगर निगम के कार्यालयों में ही गंदगी का अंबार मिला। जिस पर नगर आयुक्त ने बाबू समेत विभिन्न कार्यालयों में तैनात चार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई का आदेश दिया है।
बुधवार को नगर आयुक्त सैमुअल पॉल एन. ने नगर निगम के सभी कार्यालयों का दोपहर करीब दो बजे औचक निरीक्षण किया। सबसे पहले वह कर अधिकारी से संबंधित कार्यालय पहुंचे। जहां दीवारों पर पान की पीक, कार्यालय में धूल और स्टेशनरी आदि समेत कूड़ा कचरा बिखरा मिला, जिस पर उन्होंने तत्काल कर्मचारी को सफाई के निर्देश दिए। फिर वह रिकॉर्ड रूम में पहुंचे। जहां पुराने रिकॉर्ड की फटी जिल्द, धूल और गंदगी समेत अव्यवस्थित तरीके से बिखरे पड़े रिकॉर्ड देखकर ओम बाबू को प्रतिकूल प्रविष्टि देने समेत अग्रिम आदेश तक वेतन जारी नहीं करने का आदेश दिया। फिर वह सभासद कक्ष की ओर पहुंचे। जहां चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी दीनानाथ बीड़ी पीते दिखाई दिए। जानकारी के मुताबिक नगर आयुक्त को देखकर उसने बीड़ी फेंक दी। जिस पर नगर आयुक्त ने उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई का आदेश दिया है। फिर अन्य कार्यालयों की ओर रुख किया, लेकिन स्थितियां सामान्य मिलीं, जिसे और बेहतर बनाने का आदेश दिया है।
परिसर में बने शौचालय की स्थिति का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जैसे ही नगर आयुक्त अंदर घुसे तो उन्हें मुंह पर रुमाल रखना पड़ा। शौचालय की बदहाल स्थिति देख तत्काल सफाई कराने और जर्जर हो चुकी सामग्री को बदलने का आदेश दिया। साथ ही सभी कर्मचारियों को साफ-सफाई समेत अन्य जिम्मेदारियों को निभाने में लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।