बरेली। मोटरसाइकिल की मांग पूरी न होने पर शौहर ने बीवी को घर से निकाल दिया। वह दो छोटे बच्चों के साथ भटक रही है। शौहर से हर्जा-खर्चा का मुकदमा भी अदालत में चल रहा है।
अपनी पीड़ा लेकर मेरा हक फाउंडेशन की अध्यक्ष फरहत नकवी के पास पहुंची जखीरा की महिला ने बताया कि उसका विवाह बाकरगंज के युवक से करीब साढ़े चार साल पहले हुआ। शादी के अगले दिन ही बाइक के लिए शौहर ने उससे मारपीट की। यह सिलसिला चलता रहा और फिर शादी के 12वें दिन शादाब ने रात दो बजे उसे घर से निकाल दिया। दो बार पंचायत में मामला सुलझा और शौहर ने रख लिया। करीब सवा साल पहले गर्भवती होने के दौराने उसे पीटकर दोबारा निकाल दिया गया। अब एक बेटा ढाई साल और दूसरा पांच महीने का है। महिला ने बताया कि एसएसपी से शिकायत के बाद 28 जनवरी 2018 को उनका मुकदमा दर्ज हो गया। इसमें 498-ए, 377, 323 और 506 धाराएं लगाई गई, मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। कोर्ट में हर्जा-खर्चा का मुकदमा भी चल रहा है। बड़े बेटे को पोलियो है तो उसके इलाज की भी दिक्कत है। वह चाहती हैं कि पति बेशक न रखे लेकिन हर्जा-खर्चा तो दे। फाउंडेशन की अध्यक्ष फरहत नकवी ने अधिकारियों से मिलकर न्याय दिलाने बात कही।