बरेली। स्वच्छता सर्वेक्षण में भाग लेने के लिए अनिवार्य मोबाइल एप ‘स्वच्छता मोहुआ’ की कम डाउनलोडिंग होने के चलते निगम अफसर सोमवार को दिन भर परेशान रहे। पूरे दिन निगम अफसर लोगों को एप डाउनलोड कराने में लगे रहे, तब जाकर कोटा पूरा हो सका।
जनभागीदारी का स्वच्छता सर्वेक्षण में अहम रोल है। इसके चलते कुल आवासों की संख्या के अनुपात में दो प्रतिशत लोगों के मोबाइल पर स्वच्छता एप डाउनलोड होने अनिवार्य थे। मगर निगम अफसर इसे भूल गए। सोमवार को एप डाउनलोड करने का अंतिम दिन आया तो अफसरों की इसकी याद आई। इसके बाद नगर आयुक्त राजेश श्रीवास्तव ने नगर निगम के सभी अफसरों की इसकी जागरूकता में लगाया तो रात आठ बजे तक 5057 एप डाउनलोड कराकर इसका कोटा पूरा कराया गया। इस एप पर लोग घर बैठे नगर निगम संबंधी शिकायतें कर सकते हैं। शिकायत के तीन दिन के अंदर नगर निगम को उनका समाधान करना होगा।