देसी शराब की दुकान का विरोध कर रहीं महिलाओं से बिथरी चैनपुर के विधायक राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल ने तीन दिन का समय मांगा था। महिलाओं को यह आश्वासन दिया था तीन दिन के अंदर दुकान हट जाएगी। यह समय शनिवार को पूरा हो गया। मगर पटेल विहार से अब तक देसी शराब की दुकान नहीं हटी, जिससे नाराज महिलाएं अब आरपार की लड़ाई लड़ने का मन बना चुकी हैं। उन्होंने इस संबंध में शनिवार को मीटिंग कर आंदोलन की रणनीति बनाई।
महिला जागृति मंच की अध्यक्ष मनु नीरज की अध्यक्षता में शनिवार को एक मीटिंग कर महिलाओं ने ‘करो या मरो’ का नारा दिया। कहा, रविवार सुबह वे इस संबंध में विधायक राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल से उनके जनता दरबार में मिलेंगी। उन्हें अपना वादा याद दिलाएंगी। क्योंकि उन्होंने खुद प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर महिलाओं को आश्वासन दिया था कि तीन दिन के भीतर ठेकेदार दुकान खुद हटा लेगा।
महिलाएं विधायक से मिलने के साथ ही कमिश्नर रणवीर प्रसाद से मिलकर भी अपनी बात रखेंगी। उधर, दुकान हटाने की बजाय ठेकेदार इधर-उधर से महिलाओं पर लगातार दबाव डालने में लगा हुआ है। मगर महिलाएं अपने फैसले पर अडिग हैं।
आधा किलोमीटर के दायरे में बर्दाश्त
महिलाओं का कहना है कि यहां से दुकान हटने का मतलब यह नहीं कि दोबारा आसपास ही देसी शराब की दुकान खुल जाए। आधा किलोमीटर के दायरे में शराब की दुकान बर्दास्त नहीं की जाएगी। दायरे के बाहर चाहे जहां दुकान खोलें इससे हम लोगों को मतलब नहीं।
नहीं निकला हल तो कल हाईवे जाम
विधायक राजेश मिश्रा और कमिश्नर से मिलने के बाद भी कोई हल नहीं निकलने पर महिलाओं ने धरना प्रदर्शन और चक्का जाम करने की बात कही है। महिला जागृति मंच की अध्यक्ष मनु नीरज का कहना है कि सोमवार से बदायूं रोड पर चक्का जाम करेंगे।