जांच में अवैध निकला रेत का ढेर सीज
खजांची के खनन कार्य की जांच, नायब तहसीलदार ने कराई पैमाइश
अमर उजाला ब्यूरो
नवाबगंज/ बरेली। अवैध खनन पर पिंटू गंगवार और विधायक केसर सिंह के बीच उठे विवाद के बाद जिलाधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह ने पूरे मामले की जांच जिला स्तरीय अधिकारियों से कराने का आदेश दे दिया। उनके आदेश पर जिला खनन अधिकारी सीबी सिंह ने नवाबगंज पहुंचकर नायब तहसीलदार के साथ खजांची के भट्ठे पर जाकर मिट्टी और रेत के लगे ढेरों की जांच की और अवैध पाए जाने पर उसे सीज कर दिया।
खनन अधिकारी ने राजस्व टीम के साथ बिथरी और याकूबपुर गांव मे मिटटी और रेत के लगे ढेर की काफी देर तक पैमाइश कराई और उसकी वैद्यता की जांच की, जिसमें भारी मात्रा में अवैध रेत बरामद हुई। लेखपालों के अवकाश पर होने की वजह से जांच पूरी नहीं हो पाई। जांच के दौरान शिकायतकर्ता पिंटू गंगवार को बुलाकर उनके भी बयान दर्ज कराए गए। खनन अधिकारी ने बताया कि तीन जगह पर बालू और रेत के ढेरों की जांच हो चुकी है। बुधवार को भी जांच जारी रहेगी। इसमें लेखपाल, कानून गो समेत तहसील अधिकारी और खजांची के भी बयान दर्ज किए जाएंगे। जांच में नायब तहसीलदार प्रभात कुमार, कानून गो बालक राम, लेखपाल अरविंद कुमार, उपनिरीक्षक गजेन्द्र सिंह समेत पुलिस बल मौजूद रहा। बता दें कि पूर्व ब्लाक प्रमुख धर्मेंद्र गंगवार उर्फ पिंटू ने क्षेत्र में खनन का अवैध कारोबार रोकने के लिए एसडीएम अरुण मणि तिवारी को शिकायती पत्र दिया था। एसडीएम ने जांच कानूनगो बालक राम को सौंपी थी, लेकिन कानून गो ने जांच की आधी अधूरी रिपोर्ट तहसीलदार को दी। तहसीलदार आनंद कुमार ने कानून गो को दोबारा जांच करने के निर्देश दिए थे।