सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र सौंपते शहर विधायक डॉ. अरुण कुमार।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
राजकीय माध्यमिक स्कूलों में चयनित अध्यापकों को दिए गए नियुक्ति पत्र
बरेली। राजकीय माध्यमिक स्कूलों में चयनित सहायक अध्यापकों को शुक्रवार को एनआईसी में हुए कार्यक्रम में नियुक्ति पत्र दिए गए। बरेली में 15 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र मिलने थे। एक शिक्षक के अनुपस्थित रहने पर बाकी 14 को नियुक्ति पत्र दे दिए गए। वीडियो कांफ्रेंसिग के माध्यम से सीएम ने शिक्षकों से बात की। हालांकि इस बार बरेली के शिक्षकों को सीएम से बात करने का अवसर नहीं मिल सका। प्रदेश में कुल 3317 सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षकों से कहा कि जितनी मेहनत उन्होंने नौकरी पाने के लिए की है, उतनी ही मेहनत से अब छात्रों को पढ़ाकर उनका भविष्य उज्जवल बनाएं। बरेली में शहर विधायक डॉ. अरुण कुमार, फरीदपुर विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल, बिथरी विधायक प्रतिनिधि हिमांशु मिश्रा के साथ डीएम नीतीश कुमार ने सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र बांटे। बरेली के 15 शिक्षकों में छह महिलाएं हैं। एक शिक्षक के अनुपस्थित होने के कारण उन्हें आज नियुक्ति पत्र नहीं मिल सका। इस मौके पर जेडी डॉ. प्रदीप कुमार, डीआईओएस डॉ. अमरकांत सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।
शिक्षक बनना सपना था। इसके लिए दिन रात मेहनत की। आज सफल हुआ तो अच्छा लग रहा है। पूरी मेहनत व ईमानदारी और समर्पण के साथ शिक्षण कार्य करूंगा। -राजेंद्र सहाय, बहेड़ी
मुख्यमंत्री का भाषण प्रेरणादायी था। शिक्षक बनना था आज वह सपना साकार हो गया है। मेहनत के साथ शिक्षण कार्य करते हुए आदर्श शिक्षक बनने का प्रयास करूंगा। -निखलेश कुमार, बीसलपुर