बरेली। समोसा-पकौड़ी और कचौड़ी जैसी चटकारे वाली चीजें बनाने वाले उन दुकानदारों पर अब लगाम लगाई जाएगी जो एक बार कड़ाही में तेल डालने के बाद दिन भर उसे नहीं बदलते। मुख्यालय से निर्देश जारी होने के बाद एफएसडीए ने इसके लिए बड़े पैमाने पर अभियान चलाने की योजना बनाई है।
ज्यादातर दुकानदार कड़ाही में एक बार तेल डालकर उसका दिनभर समोसा या दूसरी चीजें तलने के लिए इस्तेमाल करते रहते हैं। लगातार यह तेल खौलते रहने से उसमें सारे पोषक तत्व नष्ट हो जाते हैं और इस वजह से उसमें तली गई चीजें भी सेहत के लिए काफी हानिकारक हो जाती है। एसएसडीए की तरफ से लोगों की सेहत से यह खिलवाड़ अब बंद कराने की तैयारी शुरू हो गई है। एफएसडीए के अधिकारियों ने इसे लेकर पहले जागरूकता अभियान चलाया था, उसका कोई असर नहीं पड़ा तो अब सख्ती के साथ इस पर अमल कराने की तैयारी शुरू कर दी है। मुख्यालय से निर्देश मिलने के बाद विभागीय अधिकारियों ने खाद्य निरीक्षकों के साथ चेकिंग करने की योजना बनाई है। एफएसडीए के अभिहित अधिकारी धर्मराज मिश्रा ने बताया कि जल्द ही कार्रवाई शुरू होगी।