नवाबगंज। राशन वितरण के रजिस्टर पर मोहर लगाकर हस्ताक्षर करने के नाम पर एक लेखपाल ने कोटेदार से पांच सौ रुपये मांगे। रिश्वत मांगने का यह वीडियो वायरल हुआ है। इसमें लेखपाल अपने सरकारी आवास पर ग्रामीणों के बीच कोटेदार से रुपये लेकर अपनी जेब में रखता दिख रहा है। दूसरे वीडियो में यही लेखपाल पट्टा कराने के लिए एक ग्राम प्रधान से 50 हजार रुपये की मांग कर रहा है।
तहसील के लेखपाल विजय कुमार ने एक सप्ताह पहले लावाखेडा तालिब हुसैन गांव के प्रधान देवदत्त गंगवार के खिलाफ गालीगलौज करने और जान से मारने की धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कराई दी थी। आरोप है कि गांव कचनरा के कोटेदार मदनपाल को लेखपाल ने प्रशिक्षण केंद्र स्थित अपने सरकारी आवास पर बुलाकर कहा कि राशन का वितरण हो गया है उसे प्रमाणित करा लो। जब कोटेदार लेखपाल के पास पहुंचा तो लेखपाल ने कोटेदार से रजिस्टर प्रमाणित करने के एवज में रिश्वत की मांग कर दी। इस बीच किसी ने मोबाइल से लेखपाल के पांच सौ रुपये की रिश्वत लेते हुए वीडियो बना ली। लेखपाल की दूसरी वीडियो भी वायरल हुई है। इसमें एक प्रधान से लेखपाल विजय कुमार ने सरकारी पट्टा करने के नाम पर रिश्वत की मांग कर दी। शनिवार को जब यह वीडियो वायरल हुआ तो तहसील में हड़कंप मच गया।
एक लेखपाल रिश्वत लेने के आरोप में हो चुका है निलंबित
- दो माह पहले लेखपाल धर्मेंद्र गोस्वामी का तहसील परिसर में एक युवक से रिश्वत लेते हुए वीडियो वायरल हुआ था। इसमें एसडीएम ने जांच के बाद लेखपाल को निलंबित कर दिया था। उस लेखपाल के खिलाफ जांच अभी पूरी नहीं हुई कि अब लेखपाल विजय कुमार का रिश्वत लेने का वीडियो वायरल हो गया है।
लावाखेड़ा गांव के प्रधान ने मुझे जान से मारने की धमकी दी थी। इस पर मैंने प्रधान के खिलाफ मुकदमा करा दिया। वह साजिश के तहत मुझे फंसाना चाहते हैं, रिश्वत लेने का आरोप निराधार है। - विजय कुमार, आरोपी लेेखपाल
मामला मेरे संज्ञान में आया है। सोमवार को एसडीएम को मामले से अवगत कराया जाएगा। यदि जांच में लेखपाल दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - आशुतोष गुप्ता, तहसीलदार