बरेली। बीसलपुर रोड के नकटिया नदी पर सेतु निगम को मौजूदा पुल के एक साइड में इतनी जगह नहीं मिल रही कि 17 मीटर चौड़ा पुल एक साथ बन सके। सर्वे में रिहायशी मकान और दुकानें बाधा बन रही थीं। ऐसे में वर्तमान पुल की दोनों तरफ साढ़े आठ-आठ मीटर के दो पुल बनाए जाएंगे। ब्रिज कारपोरेशन के अधिकारियों ने इसका डिजाइन तैयार कराने के लिए विभाग की गाजियाबाद विंग को प्रोजेक्ट संबंधी सारा डाटा भेज दिया है।
बरेली-बीसलपुर रोड पर नकटिया पुल की मौजूदा चौड़ाई केवल करीब साढ़े चार मीटर ही है। पुल काफी संकरा होने से इस पर अक्सर जाम लग जाता है। इस दिक्कत से निजात दिलाने के लिए सेतु निगम ने यहां 17 मीटर चौड़ाई और 70 लंबाई में फोरलेन ब्रिज का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा था। इस प्रोजेक्ट पर 12.50 करोड़ रुपये खर्च होने हैं। सेतु निगम के अधिकारी पहले इस कोशिश में थे कि निर्धारित चौड़ाई का एक पूरा पुल तैयार हो जाए, लेकिन मौके पर जब सर्वे किया गया तो मौजूदा पुल के दोनों तरफ 17 मीटर चौड़ी पूरी जमीन नहीं मिल पा रही है।
वहीं एक साइड में कुछ दुकानें बनी हैं, तो दूसरी ओर मकान जद में आ रहे हैं। इसलिए इसमें बदलाव करते हुए तय किया गया है कि पुराने पुल के दोनों तरफ साढ़े आठ-आठ मीटर के दो पुल बना लिए जाए। ट्रैफिक के लिए एक पुल आने तो दूसरा जाने के लिए होगा। उप परियोजना प्रबंधक सेतु निगम नवाब सिंह का कहना है कि नया पुल बनाने के लिए अगर पुराना तोड़ दिया जाए तो पर्याप्त जगह हो जाएगी, लेकिन ऐसा करने से इस हाईवे पर लंबे वक्त के लिए ट्रैफिक को बड़ी दिक्कत हो जाएगी। इसलिए ऐसा कर पाना मुमकिन नहीं है।