वजीरगंज (बदायूं)। यहां श्रीराम लीला मेले में रावण दहन की तैयारी के दौरान एक दुकान में रखे गैस सिलिंडर में आग लगने की घटना बढ़ा रूप ले सकती थी क्योंकि आगे बुझाने के साधन यहां नहीं थे। इसी कारण आग पर जैसे-तैसे काबू किया गया।
प्रशासन से मेले आयोजन की परमीशन ली गई थी। मगर आग बुझाने के इंतजाम नहीं किए गए। मेले में सुरक्षा के लिए पुलिस वालों की ड्यूटी थी मगर उन्होंने भगदड़ के दौरान न लोगों को रोकने की कोशिश की, और न ही आग बुझाने में कोई सहयोग किया। यहां तक कि फायर ब्रिगेड को भी नहीं बुलाया गया।
कइयों के छूट गए जूता-चप्पल
कइयों के जूता, चप्पल आदि छूट गए। भगदड़ में किसी का बच्चा छूट गया, किसी का दुपट्टा गिर गया। भगदड़ के बाद मेला ग्राउंड को जाने वाली सड़कों पर जूते-चप्पल पड़े नजर आ रहे थे।
श्रीराम ने किया रावण का संहार, पुतला दहन
बाद में श्रीराम और रावण का युद्ध हुआ, जिसके बाद श्रीराम ने रावण का संहार किया। बाद में रावण के पुतले का दहन किया गया।
इससे पहले मेले का उद्घाटन एसडीएम मो. अवेश ने फीता काटकर किया। उद् घाटन अवसर पर मेला अध्यक्ष राहुल वार्ष्णेय, दिलीप शर्मा, विमलेश गुप्ता, रिधि प्रताप, रवि वार्ष्णेय, सौरभ मिनोचा, डॉ. नंद किशोर, मनोज शंखधार, योगेश आरएस, गौरव रोप, जैकी वार्ष्णेय आदि रहे।
दुकान में रखे गैस सिलिंडर के पाइप में आग लगी थी, जिसे समय रहते बुझा लिया गया। इससे जान माल का कोई नुकसान नहीं हुआ है। - राहुल वार्ष्णेय, मेला अध्यक्ष
प्रशासन के पास आग बुझाने के लिए रेत, पानी, गीली बोरी आदि का इंतजाम था, जिससे सिलिंडर में लगी आग को समय रहते बुझा लिया गया।
- राजीव कुमार शर्मा, इंस्पेक्टर, वजीरगंज