बरेली। कोरोना संक्रमण की रोकथाम की कवायद के बीच सोमवार को 13 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली है। इनमें एक व्यक्ति दुबई से लौटा है। संक्रमित मिलने पर उसे अंतरराष्ट्रीय कोविड वार्ड में भर्ती कराया जा रहा है। इसके अलावा एक-एक सेवानिवृत्त पुलिस और स्वास्थ्यकर्मी समेत दो सैन्यकर्मी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव मिली है। दो व्यक्ति दूसरे राज्यों के रहने वाले हैं।
आईडीएसपी इंचार्ज और सर्विलांस सेल प्रभारी डॉ. अनुराग गौतम के मुताबिक ओल्ड बर्ड लाइन की रहने सैनिक अस्पताल में कार्यरत 31 वर्षीय नर्स पिछले दिनों एक मरीज के इलाज के लिए लखनऊ गई थी। वापस आने पर संदिग्ध लक्षण मिलने पर एक जनवरी को कोविड जांच कराई तो रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। भमोरा का रहने वाला एक 40 वर्षीय सैन्यकर्मी पिछले दिनों बरेली आया था। रैंडम जांच में रिपोर्ट पॉजिटिव मिली, लेकिन रिपोर्ट आने से पहले ही वह जम्मू रवाना हो गया। लिहाजा वहां के प्रशासन को सूचना भेज दी है। लौंगा भमोरा के रहने वाले पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त 64 वर्षीय व्यक्ति की रैंडम सैंपलिंग हुई थी। उसकी रिपोर्ट सोमवार को पॉजिटिव मिली। शिवनगर कॉलोनी के रहने वाला 30 वर्षीय युवक पिछले दिनों दिल्ली से लौटा था। संदिग्ध लक्षण मिलने पर जांच क राई तो संक्रमित मिला। उधर, खानपुरा की एक महिला भी संक्रमित मिली है।
भूड़ का रहने वाला 28 वर्षीय युवक दुबई से 26 दिसंबर को लौटा था। आरआरटी ने संपर्क कर दो जनवरी को उसकी कोरोना जांच कराई। उसकी सोमवार को रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। उसे कोविड चिकित्सालय के अंतरराष्ट्रीय आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराने की कवायद शुरू कर दी गई है। उसके सैंपल की जीनोम सीक्वेंसिंग कराई जाएगी। मंगलवार को सैंपल लेकर जांच को लखनऊ लैब भेजा जाएगा।
इसके अलावा एयरफोर्स के रहने वाली 27 वर्षीय युवती और 30 वर्षीय युवक, सिविल लाइंस के रहने वाले 25 वर्षीय युवक और 48 वर्षीय व्यक्ति की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। इनके सर्विलांस और कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग की प्रक्रिया चल रही है।
स्वास्थ्य विभाग का सेवानिवृत्त कर्मचारी संक्रमित
डॉ. गौतम ने बताया कि शुगर मिल मीरगंज के पास रहने वाला स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त 62 वर्षीय व्यक्ति संक्रमित मिला है। पिछले दिनों उसके बेटे की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। संदिग्ध संक्रमित मानकर पिता की सैंपलिंग कराई गई तो रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। वहीं, सनसिटी विस्तार के वैभव सेक्टर में रहने वाला एक 21 वर्षीय युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। पिछले दिनों युवक ने कोरोना संदिग्ध लक्षण होने पर एक निजी लैब से कोरोना जांच कराई थी। प्रभातनगर बरेली की 42 वर्षीय महिला कोविड संक्रमित मिली है। महिला का घर नोएडा में भी है। वह वहां चली गई है।
विदेश से आए 23 लोग, एक लापता
स्टेट सर्विलांस की ओर से सोमवार को एक जनवरी को विदेश से बरेली आए 23 लोगों की सूची भेजी गई है। आईडीएसपी इंचार्ज डॉ. अनुराग गौतम के मुताबिक इसमें से एक व्यक्ति हाईरिस्क देश सिंगापुर से कीर्ति नगर लौटा है। छह लोग दूसरे जिलों से हैं। जिसकी सूचना स्थानीय प्रशासन को भेज दी गई है। एक व्यक्ति का पता, मोबाइल नंबर गलत दर्ज है। उससे संपर्क नहीं हो सका है। सूचना उच्चाधिकारियों को भेज दी है। डॉ. गौतम ने बताया कि अभी तक विदेश से लौटे किसी भी संक्रमित मिलने वाले व्यक्ति की जीनोम सीक्वेंसिंग की रिपोर्ट नहीं मिल सकी है। जिले में अब 32 सक्रिय संक्रमित हैं।