दमखोदा ब्लाक के रहपुरा गनीमत में लोहिया आवास देने में गड़बड़ी उजागर हुई है। जांच में 10 लोग ऐसे मिले हैं, जिनके पहले से ही पक्के आवास हैं, लेकिन उन्हें 13.70 लाख रुपये आवंटित कर दिए गए। सीडीओ की तरफ से इन्हें नोटिस दिया जा चुका है लेकिन लाभार्थी रकम वापस करने कोे तैयार नहीं हैं। अब इनके विरुद्ध आरसी जारी की जा रही है।
रहपुरा जागीर में 2014-15 में लोहिया आवास बनाने के लिए प्रत्येक लाभार्थी को 1.37 लाख रुपये की किस्त जारी की गई थी। बाद में शिकायत हुई कि आवास की रकम कई अपात्रों को दे दी गई है। जांच में इफ्तेखार अहमद, अफरोजा, नफीसा, शफीक अहमद, मोबीना, जसरीन, अनीता देवी, विमला देवी, ममता देवी और रामसनेही अपात्र पाई गईं। इनसे 13.70 लाख की वसूली की कार्रवाई भी शुरू हुई, लेकिन कई बार नोटिस देने के बावजूद अपात्रों से आवास की यह रकम वापस नहीं ली जा सकी। अपर आयुक्त मनरेगा योगेश कुमार के सामने यह मामला पहुंचा तो उन्होंने किसी भी सूरत में रिकवरी के निर्देश दिए। सीडीओ सत्येंद्र कुमार ने बताया कि अपात्र लाभार्थियों से वसूली के लिए आरसी जारी की जा रही है। इसके लिए एडीएम (वित्त) को पत्र भी भेज दिया गया है। इसमें लापरवाही बरतने वाले बीडीओ पर भी कार्रवाई की जाएगी।