बरेली। दहेज उत्पीड़न में फंसे दामाद ने ससुरालियों को फंसाने के लिए छत से कूदने की कोशिश की। गर्भवती पत्नी ने रोका तो उससे मारपीट की। मौके पर पहुंचे ससुराल वालों पर चोरी का आरोप लगाकर पुलिस में शिकायत कर दी। एसएसपी के आदेश पर थाना प्रेमनगर में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
प्रेमनगर के मोहल्ला जाटवपुरा निवासी कंचन ने पति धर्मेंद्र और ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज करा रखी है। मगर, इसके बाद पति धर्मेंद्र समझौता करके उसे घर ले गए। गर्भवती कंचन का आरोप है कि रिपोर्ट की रंजिश में उनके मायके वालों को फंसाने के लिए दो मई को पति धर्मेंद्र छत से कूदने की कोशिश करने लगा। उन्होंने रोका तो ससुरालियों ने मारपीट की, जिससे वह बेहोश हो गईं। शोर सुनकर पास ही रहने वाले कंचन के परिजन पहुंचे तो धर्मेंद्र ने चोरी का आरोप लगाकर पुलिस से शिकायत कर दी। इस पर पुलिस ने उनके परिवार के साथ अभद्रता की और घर से निकालने की चेतावनी देने लगे। कंचन ने एसएसपी से शिकायत की तो प्रेमनगर पुलिस ने पति समेत अन्य ससुराल वालों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।