बरेली/फतेहगंज पूर्वी। अब तक पटरियों की मरम्मत, स्लीपर बदलने या ट्रैक मेंटिनेंस होने पर ही ब्लॉक लेकर ट्रेनों को घंटों रोका जाता था, लेकिन शुक्रवार को पटरियां उतारने के दौरान भी ब्लॉक ले लिया गया। बिलपुर स्टेशन पर दो घंटे का ब्लाक लेकर पटरियां उतारी गईं। अचानक ट्रेनें रुकने से यात्रियों के खासी परेशानी हुई। दूसरी ओर हाईवे पर भी जाम लगने से वाहन रुक-रुककर चले।
दो साल से रेल पटरियां बदलने के नाम पर आए दिन ब्लॉक लेने से ट्रेनों को जहां-तहां रोक दिया जाता है। क्रॉसिंग बंद होने से हाईवे पर भी जाम लगता है। रेलेवे के इंजीनियरिंग विभाग की टीम ने शुक्रवार को सुबह साढ़े दसे बजे दो घंटे का ब्लॉक ले लिया। इसके बाद डाउन दिशा की लाइन पर 60 किलो वजन की नई पटरी डालने के लिए पटरियां उतारने का काम शुरू हो गया। दो घंटे तक पटरियां उतारने का सिलसिला चलता रहा। अपराह्न 12.30 पर ब्लॉक खोला गया। इस दौरान मुगलसराय, फरक्का, राजधानी, किसान, डुप्लीकेट, पंजाब मेल सहित कई मालगाड़ियां रोकी गईं। अब 52 किलोग्राम के स्थान के इन 60 किलोग्राम की पटरियां बिछाने पर एक बार फिर ब्लॉक लेने से दिक्कत होगी। दूसरी ओर हुलासनगरा क्रॉसिंग बार-बार बंद होने से हाईवे पर भी लोग तीन घंटे जाम से जूझते रहे।