बरेली। पंजाबी महासभा की ओर से लोहड़ी के अवसर पर ‘लोहड़ी की शाम बेटियों के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन कर्मचारी नगर स्थित एक क्लब से हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. उमेश गौतम, अति विशिष्ट अतिथि रमनदीप सिंह और विशिष्ट अतिथि रामप्रकाश सेठी ने संयुक्त रूप से किया। फिर शुरू हुआ रंगारंग कार्यक्रमों का दौर, जो देर रात तक जारी रहा।
लोहड़ी के अवसर पर एक ओर पंजाबी ढोल पर लोग भांगड़ा करते रहे तो दूसरी ओर पॉप सिंगर सोनिया के गीतों पर थिरकने का सिलसिला जारी रहा। उन्होंने ‘तैनूं काला चश्मा जंचदा ए’ ‘हाइरेटेड गबरू’ ‘तेरे नाल नचना’ ‘आंख मारे’ ‘दिलबर’ ‘दिल चोरी साड्डा’ समेत अन्य लोकगीतों को सुनाकर दर्शकों को बांधे रखा।
अध्यक्ष संजय आनंद ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान अतिथियोें ने पंजाबी संस्कृति की सराहते हुए समाज से कुरीतियों को छोड़कर देश हित में आगे आने का सुझाव दिया। पंजाबी महासभा द्वारा बेटियों को समर्पित लोहड़ी कार्यक्रम आयोजित करने पर सराहना की। कार्यक्रम के दौरान इस साल जन्मी बच्ची श्रुति मेहता, आस्था चड्डा, सुचिका साहनी, जूही अरोरा, जूही आहूजा, अर्चना कौर के माता-पिता को सम्मानित किया गया।