बरेली। जोगी नवादा में लगने वाले रामलीला मेले पर इस बार संकट के बादल मंडरा रहे हैं। मेला मैदान पर जलभराव के साथ भारी मात्रा में जलकुंभी फैली हुई है। मेला आयोजन कमेटी के सदस्यों ने इस तरफ नगर निगम के अफसरों का ध्यान आकृष्ट कराया लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया जिससे लोगों में नाराजगी बनी हुई है।
श्री रामलीला परिषद जोगी नवादा के अध्यक्ष सुरेश राठौर ने बताया कि 49 साल से यह मेला लगता आ रहा है। हर बार नगर निगम समय से मेला मैदान दुरुस्त करा देता था लेकिन इस बार उपेक्षा के चलते मैदान में अब भी पानी भरा हुआ है। इस संबंध में 28 अगस्त को उन्होंने नगर आयुक्त को पत्र भेजा था, जिस पर नगर आयुक्त ने महाप्रबंधक जल, मुख्य अभियंता और नगर स्वास्थ्य अधिकारी को आवश्यक कदम उठाने के लिए निर्देश भी दिया लेकिन किसी ने गौर नहीं किया। गुरुवार को नगर आयुक्त को दोबारा पत्र देकर स्थिति से अवगत कराया गया। आग्रह किया गया कि दो जेसीबी और ट्रैक्टर की मदद से मेला मैदान को अब भी समतल कराया जाए जिससे मेले का आयोजन हो सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नगर निगम ठोस कदम नहीं उठाता है तो कमेटी के लोग धरना प्रदर्शन के लिए विवश होंगे। शिकायती पत्र देने वालों में सुरेश राठौर, ताराचंद राठौर, सम्राट अशोक, धर्मवीर सिंह, संजीव शर्मा, मोहित सक्सेना आदि शामिल रहे।
वर्जन ----
रामलीला मैदान को ठीक कराने के निर्देश दिए गए थे लेकिन अब तक क्यों कुछ नहीं किया गया इस पर जल्द ही जानकारी हासिल करूंगा, फिलहाल मैदान को शीघ्र दुरुस्त कराया जाएगा।
- ईश शक्ति सिंह, कार्यवाहक नगर आयुक्त