बरेली। कैंट के बीआई बाजार में बीते करीब महीने भर से दूषित पानी से करीब तीन लोग पीलिया की चपेट में आ चुके हैं। वहीं, कई अन्य पेट की बीमारियों से ग्रस्त हैं। बृहस्पतिवार को स्थानीय निवासी दूषित काला पानी को बोतल में भरकर कैंट बोर्ड कार्यालय पहुंचे। पानी दिखाकर उन्होंने तत्काल शुद्ध पेयजल मुहैया कराने की मांग की। मामले पर एई आरके माहेश्वरी ने शुक्रवार को लीकेज समेत सप्लाई लाइन की जांच कराने का आश्वासन दिया है।
बोर्ड के सदस्य वेद प्रकाश तनेजा ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से शुद्ध पानी की मांग हो रही है। कई बार अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके चलते तीन लोगों में अब तक पीलिया की पुष्टि हो चुकी है। वहीं, कई अन्य निवासी पीड़ित हैं। उन्होंने पानी के लीकेज समेत पूरी पाइप लाइन के खराब होने की आशंका जताई है। बताया कि पानी में रेता और जंक निकल रही है। वहीं, कुछ देर रखने पर पानी का रंग भूरा हो जा रहा है। कैंट बोर्ड अधिकारियों के मुताबिक, पाइप लाइन सर्वे के लिए जल निगम से कहा गया है, लेकिन फौरी तौर पर बृहस्पतिवार को बीआई बाजार में सप्लाई पाइप लाइन की जांच कराकर गंदे पानी की समस्या का निस्तारण किया जाएगा।