शाहजहांपुर। रोजा से बरेली के चनहेटी स्टेशन के बीच तीसरी रेल लाइन बिछाने को मंजूरी मिल गई है। रेलवे ने इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। उम्मीद है कि काम भी अप्रैल में चालू हो जाएगा। तीसरी रेल लाइन का काम पूरा करने का लक्ष्य 2022 तक रखा गया है। रेल खंड में 75 किमी की तीसरी नई रेल लाइन के बीच मालगाड़ियों की वजह से सवारी गाड़ियों को जगह-जगह रोके जाने से भी निजात मिल सकेगी।
शाहजहांपुर-पीलीभीत के बीच अमान परिवर्तन का काम चल रहा है। सीतापुर-ऐशबाग (लखनऊ) के बीच अमान परिवर्तन का काम पूरा हो चुका है। दोनों रेल लाइन चालू होने के बाद रेल खंड में ट्रेनों का ट्रैफिक बढ़ेगा। इसके अलावा रेल खंड में रोज 60 से 70 मालगाड़ियां भी गुजरती हैं। कई बार मालगाड़ियों की वजह से सवारी गाड़ियों को अनावश्यक ठहराव दिया जाता है। तीसरी रेल लाइन के बाद यह समस्या भी खत्म हो जाएगी। पिछले महीने मंडल मुख्यालय ने शाहजहांपुर में पूर्वोत्तर और उत्तर रेलवे के दोनों स्टेशन मर्ज करने के साथ तीसरी रेल लाइन का प्रस्ताव भी बोर्ड को भेजा था। इसे मंजूरी मिल गई है। रेल अधिकारियों के मुताबिक पहले चरण में रोजा से बरेली के चनहेटी के बीच करीब 75 किमी रेल खंड में तीसरी नई लाइन बिछाने का काम होगा। इसके बाद चनहेटी से चंदौसी तक तीसरी रेल लाइन का भी प्रस्ताव है।
बदली नजर आएगी शाहजहांपुर में रेलवे की सूरत
शाहजहांपुर। आने वाले सालों में शाहजहांपुर में रेलवे की सूरत पूरी तरह से बदली नजर आएगी। रोजा में लोकोमोटिव शेड चालू होने के साथ यहां आरपीएफ ट्रेनिंग सेंटर, रेल पटरी वेल्डिंग प्लांट को भी मंजूरी मिल चुकी है। इज्जतनगर रेल मंडल में आने वाले पीलीभीत-शाहजहांपुर रेल खंड का मर्ज मुरादाबाद रेल मंडल में किया जा चुका है। शहर में एक ही रेलवे स्टेशन होगा। शाहजहांपुर-पीलीभीत के बीच चलने वाली ट्रेनों का संचालन भी मुरादाबाद मंडल के तहत होगा। अगले कुछ सालों में यह काम पूरे कर लिए जाएंगे।
13 किमी की नई साइडिंग लाइन का रास्ता साफ
शाहजहांपुर। वर्तमान में रेलवे के पास रोजा में दो साइडिंग हैं। पिपरौल स्थित कृभको फर्टिलाइजर्स के पास नई रेल साइडिंग को पहले ही मंजूरी मिल चुकी है। इसके लिए बनथरा से पिपरौल तक मालगाड़ियों के लिए करीब 13 किमी की नई रेल लाइन का काम भी अप्रैल से शुरू हो जाएगा। दरअसल, पिपरौल से रोज सैकड़ों ट्रक रोजा साइडिंग आते हैं। इसमें समय के साथ धन की बर्बादी भी होती है। पिपरौल में नई रेल साइडिंग बनने के बाद इनकी बचत होगी।
रोजा-चनहेटी के बीच तीसरी रेल लाइन को मंजूरी मिल गई है। तीसरी रेल लाइन बिछाने के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। अप्रैल में काम शुरू होने की उम्मीद है। 2022 तक काम पूरा हो जाएगा। तीसरी रेल लाइन शुरू होने के बाद ट्रेनों को अनावश्यक रूप से जगह-जगह नहीं रोकना होगा। कई और काम भी होने हैं। आने वाले सालों में शाहजहांपुर-रोजा में रेलवे की सूरत बदली नजर आएगी।
रॉकी तुहर, सहायक मंडलीय अभियंता-मुरादाबार रेल मंडल