मदनापुर (शाहजहांपुर)। कटरा-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर बुधवार सुबह बरखेड़ा जैपाल चौराहे पर बाइक और मोपेड की भिड़ंत हो गई। इस घटना में बाइक सवार वृद्धा की मौत हो गई, जबकि बेटा चोटिल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने था।
क्षेत्र के गांव फाजिलपुर निवासी 60 वर्षीय राममूर्ति देवी पत्नी लालाराम अपने बेटे 28 वर्षीय यशपाल जाटव के साथ बुधवार सुबह बाइक से बरेली के फरीदपुर में भतीजी के बेटे के दसवां संस्कार में शामिल होने जा रही थी। सुबह करीब नौ बजे कटरा-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर बरखेड़ा जैपाल चौराहे के पास पहुंची, तभी तिलहर की ओर से मोपेड सवार आ गया। उसने तेज रफ्तार बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार मां-बेटा सड़क पर गिर गए। वृद्धा के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटे यशपाल को भी चोटें आईं। घटना के बाद मोपेड सवार मोपेड मौके पर छोड़कर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। घटना के बाद से परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ब्यूरो