बरेली। देवरिया जेल से शिफ्ट होकर आए माफिया अतीक अहमद को दूसरी जेल में शिफ्ट किया जाएगा या नहीं, फिलहाल इसे लेकर अभी संशय है। शासन की तरफ से फिलहाल इसे लेकर कोई जवाब नहीं भेजा गया है।
मंगलवार का अतीक को देवरिया जेल से शिफ्ट कर बरेली जिला कारागार में भेजा गया है। इसके बाद से ही जेल अफसर काफी हलकान है। जेल अधीक्षक की तरफ से डीएम को इस संबंध में रिपोर्ट भेजी गई थी, जिसमें जिला जेल में अत्यधिक कैदी होने, जेल के शहर से काफी बाहर होने, पास का थाना भी पांच किलोमीटर दूर होने सहित कई दिक्कतों को हवाल देते हुए अतीक को दूसरी जेल में शिफ्ट करने की गुजारिश की गई थी। इस पर डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह ने इस मामले की रिपोर्ट प्रमुख सचिव कारागार को गुरुवार को ही भेज दी थी, लेकिन प्रशासन के पास शासन की तरफ से अब तक इस बाबत कोई जवाब नहीं आया है। अतीक दूसरी जेल में शिफ्ट होगा भी या नहीं, इसे लेकर असमंजस बना हुआ है। हालांकि प्रशासन के साथ ही पुलिस और जेल के अफसरों को शुक्रवार को इस संबंध में कोई आदेश आने की उम्मीद थी। डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अतीक को शिफ्ट करने संबंधी भेजी गई रिपोर्ट के संबंध में अभी कोई जवाब नहीं मिला है।