रेलवे की इंजीनियरिंग टीम ने बंथरा से बिलपुर स्टेशनों के बीच दो जगह पटरियों की मरम्मत की। कुल चार घंटे के ब्लॉक में बरेली दिशा में जाने वाली अप लाइन की कई महत्वपूर्ण ट्रेनें फंस गईं। इससे यात्रियों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी।
लखनऊ-बरेली अप लाइन पर बुधवार दोपहर एक बजे से शाम पांच बजे तक चार घंटे का ब्लाक लिया गया। इसके चलते बरेली दिशा को जाने वाली एक दर्जन से अधिक ट्रेनें तथा मालगाड़ियां घंटों फंसी रहीं। पटरियों की मरम्मत के नाम पर ब्लाक न लेने के रेलवे बोर्ड के आदेशों को दूसरे ही दिन इंजीनियरिंग विभाग ने तार-तार कर डाला। रोकी जाने वाली ट्रेनों मे 14235 अप वाराणसी-बरेली एक्सप्रेस, मुगलसराय एक्सप्रेस, 15993 डिब्रूगढ़-अमृतसर एक्सप्रेस, 13151 सियालदाह एक्सप्रेस समेत 14269 त्रिवेणी एक्सप्रेस व कई मालगाड़ियां शामिल थीं।
रेल सूत्रों के अनुसार यहां के रेलवे स्टेशन बिलपुर तथा कटरा स्टेशनों के बीच की अप लाइन की डिस्ट्रेसिंग और वेल्डिंग के कार्य के लिए चार घंटे का ब्लाक मुरादाबाद कंट्रोल से पीडब्लूआई राजेंद्र पाल सिंह ने लिया। श्री सिंह का दावा था कि इस दौरान रेलवे क्रासिंग संख्या 341 रमापुर के स्लीपरों तथा चक रेल को बदला गया। इसके अलावा रेल पटरियों को आपस में जोड़ने का कार्य किया गया। इसके अलावा बंथरा तथा तिलहर स्टेशनों के बीच भी अप दिशा की रेलवे लाइन पर इसी समय पर रेल पटरियों को वेल्ड कर उनका एलाइनमेंट किया गया। ब्लॉक के दौरान फंसी ट्रेनों में सवार यात्री परेशान रहे। साढे़ आठ घंटे से अधिक त्रिवेणी एक्सप्रेस को लेट किया गया।