महंगा आटा फिर ‘प्लास्टिक’ बन गया
- आशीर्वाद और गोपाल भोग के खिलाफ शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। टैक्स फ्री होने के बाद आटा निर्माता बेलगाम जैसे हो गए हैं। पैक आटा और ब्रांडेड आटे पर भी अब यकीन करना मुश्किल हो रहा है। शुद्ध और अच्छा होने का विश्वास लेकर हजारों उपभोक्ता हर दिन बड़ी मात्रा में गोपाल भोग और आशीर्वाद ब्रांड का आटा खरीद रहे हैं, लेकिन कई ब्रांड किचन में खरे नहीं उतर पा रहे हैं। प्रभावित लोगों ने जिला प्रशासन को इन ब्रांडों की शिकायत कर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
केला बाग निवासी नरेश शर्मा डब्बू ने होली पर गोपाल भोग लोकल ब्रांड आटा दस किलो पैक 270 रुपये में खरीदा था। आटा गूंथने के बाद रोटी बनाने की तैयारी हुई तो प्लास्टिक जैसा हो गया, पानी डालने पर ठीक नहीं हुआ। शर्मा परिवार ने इस लोकल ब्रांड आटे से तौबा कर ली और अन्य आटे से काम चलाया। होली बाद नामचीन ब्रांडेड आटा आशीर्वाद दस किलो का पैक तीन सौ रुपये में खरीदा, इसने गोपाल भोग से ज्यादा कटु अनुभव दिए। परेशान डब्बू ने जिला प्रशासन से शिकायत कर कार्रवाई की गुहार लगाई, उनका कहना है कि महंगा आटा बेचकर उपभोक्ताओं को लूटा जा रहा है। इसके अलावा छह-सात अन्य लोगों ने भी प्रशासन से घटिया और मिलावटी आटा बेचने की शिकायतें की हैं।
वर्जन: फोटो सिटी मजिस्ट्रेट
हमें आटा में मिलावट आदि की शिकायतें मिली हैं, संतोष भोग समेत तीन ब्रांडों के नमूने भरे गए हैं। नमूने लेने का अभियान जारी है, आशीर्वाद और गोपाल भोग ब्रांड का भी सैंपल लिया जाएगा। लैब परीक्षण में नमूने फेल होने पर निर्माता और विक्रेताओं पर कार्रवाई होगी।
- यूपी सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट