बीएलएड में प्रवेश को आवेदन प्रक्रिया शुरू, फीस तय नहीं
पिछले साल 25 हजार रुपये ली गई थी फीस
शासन ने प्रस्ताव पर अब तक नहीं लिया निर्णय
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली।
बैचलर ऑफ एलिमेंट्री एजूकेशन (बीएलएड) की फीस इस बार भी 25 हजार रुपये सालाना ही रहेगी। शासन को भेजे गए फीस स्वीकृति के प्रस्ताव पर अभी तक कोई निर्णय नहीं हो सका है, जबकि एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने शैक्षिक ने सत्र 2018-19 में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। यानी अगर कोई निर्णय नहीं होता है तो इस बार भी पिछले साल के बराबर ही फीस ली जाएगी।
पिछले साल बीएलएड की फीस को लेकर खासा घमासान मचा था। कॉलेज संचालक मनमाफिक फीस चाहते थे। कुछ कॉलेजों ने खुलकर कह दिया था कि बीएलएड की फीस 50 हजार होनी चाहिए। हालांकि विश्वविद्यालय ने इससे साफ इंकार कर दिया था। दूसरी तरफ छात्रों की मांग थी कि अन्य विश्वविद्यालयों के सामान ही फीस ली जाए। प्रवेश प्रक्रिया लंबित न हो इसलिए विश्वविद्यालय ने बीच का रास्ता निकालते हुए 25 हजार रुपये सालाना फीस निर्धारित करते हुए प्रस्ताव शासन को भेज दिया। छात्रों और कॉलेज संचालकों से शपथ लिया गया कि अगर फीस बढ़ती है तो शेष फीस छात्र जमा करेंगे और घटती है तो अतिरिक्त ली गई फीस कॉलेज वापस कर देेंगे। हालांकि कई कॉलेजों ने छात्रों से पचास हजार रुपये तक फीस वसूल ली। एक साल बीत गया, लेकिन फीस पर निर्णय नहीं हो सका। नए सत्र की प्रवेश प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई। इस बार आवेदन भी कम ही आ रहे हैं। छात्र फीस को लेकर भ्रम की स्थिति में हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि अगर शासन से कुछ नहीं आता है तो 25 हजार रुपये ही फीस ली जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन की तरफ से शासन को फिर पत्र भेजा गया है।
अब तक 238 आवेदन हुए
विश्वविद्यालय ने एलएलएम, एमएड, बीएससी नर्सिंग, बीएलएड, बीपीएड, एमएससी एंट्रेंस के आवेदन शुरू कर दिए हैं। तीन दिन में महज 238 ने आवेदन किया है। बीएलएड के लिए इस बार कम उत्साह दिख रहा है। पिछले साल बीएलएड कोर्स में सबसे ज्यादा आवेदन आए थे।