बरेली। पर्यटन विभाग जिले के त्रिवटीनाथ, बड़ा बाग, आनंद आश्रम, श्रीसीता राममंदिर समेत अन्य तहसील क्षेत्र के कुल 11 धार्मिक स्थलों का विकास करेगा। इससे न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों को संरक्षित किया जाएगा बल्कि स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा भी दिया जाएगा। पर्यटन विभाग इसके लिए 15.25 करोड़ खर्च करेगा।
कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने बताया कि टेंडर की कार्रवाई जल्द ही पूरी कराकर अगले महीने से संबंधित धार्मिक स्थलों पर कार्य शुरू कराने पर जोर रहेगा, ताकि धार्मिक स्थलों पर पर्यटन विकास कार्य समय रहते पूरे हों। उन्होंने बताया कि नाथ कॉरीडोर पर आनंद आश्रम मंदिर है, इसके सौंदर्यीकरण के लिए एक करोड़ रुपये की मंजूरी मिली है। इसी तरह श्रीसीता राम मंदिर और बड़ा बाग हनुमान मंदिर के लिए कुल छह करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। वहीं, प्रेमनगर में स्थित त्रिवटी नाथ मंदिर पर लाइटिंग कार्य कराया जाना है। इसके लिए भी उन्होंने शासन में प्रस्ताव प्रस्तुत किया था। जिस पर दो करोड़ रुपये मंजूर हो गए हैं।
द्रोपदी स्वयंवर थीम पार्क को भी मिले एक करोड़
कैंट विधायक के मुताबिक, मीरगंज के लालपुर में स्थित ठाकुर जी मंदिर स्थल पर पर्यटन विकास कार्य के लिए 75 लाख रुपये स्वीकृत हो गए हैं। फरीदपुर में शिव मंदिर पहलऊनाथ स्थल पर एक करोड़ रुपये से सौंदर्यीकरण के कार्य होंगे। फरीदपुर क्षेत्र में ही सिसैया मगनपुर के प्राचीन शिव मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं पर्यटन विकास के लिए भी एक करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। आंवला स्थित द्रोपदी स्वयंवर थीम पार्क का एक करोड़ रुपये से विकास होगा। गुलड़िया गौरी शंकर मंदिर स्थित यात्री हाल सौंदर्यीकरण, आलमपुर जाफराबाद ब्लॉक के सिरोही मंदिर के पर्यटन विकास कार्यों के लिए एक-एक करोड़ रुपये स्वीकृत हो गए हैं। साथ ही नवाबगंज के भदपुरा स्थित शिव मंदिर महेशपुर के लिए 50 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। किला मोहल्ले में स्थित तुलसीमठ के लिए शासन ने तीसरी किस्त के भी 6.46 लाख रुपये अवमुक्त कर दिए हैं। इस संबंध में उप सचिव शासन संजीव कुमार श्रीवास्तव ने शासनादेश भी जारी कर दिया है। संवाद