बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की प्रवेश परीक्षाओं का रिजल्ट इसी सप्ताह आने की संभावना है। मूल्यांकन का कार्य तेजी से चल रहा है और 28 जून से काउंसलिंग शुरू करके 15 जुलाई तक प्रवेश प्रक्रिया निपटाने की तैयारी है।
रुहेलखंड विश्वविद्यालय कैंपस और संबद्ध महाविद्यालयों में संचालित बीएलएड, बीपीएड, एलएलएम, एमएससी, एमएड और एमफिल पाठ्यक्रम की प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित करने की तेजी से तैयारी चल रही है। अभी तक मूल्यांकन कार्य पूरा न होने के चलते इसमें विलंब हो रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन पहले यह परिणाम 20 जून तक घोषित करने की तैयारी में था, लेकिन मूल्यांकन की रफ्तार कम होने के चलते इसमें एक-दो दिन विलंब होने की संभावना है। हालांकि इन प्रवेश परीक्षा का परिणाम इस सप्ताह घोषित कर दिया जाएगा। इसके बाद 28 जून से काउंसलिंग शुरू करने की तैयारी है। मगर इसकी अधिकृत घोषणा नहीं की गई है। बता दें कि रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने 25-30 मई के बीच प्रवेश परीक्षाएं कराई थीं, जिनमें 22 हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया था।