‘मान सम्मान को लगाती कलंक, जहर है शराब’
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
सहसवान (बदायूं)। अमर उजाला फाउंडेशन के अपराजिता-100 मिलियन स्माइल्स कार्यक्रम के तहत सोमवार को नगर के पन्नालाल नगर पालिका इंटर कॉलेज में मद्यनिषेध जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि सीओ रामकरन ने नशीले पदार्थों से होने वाले दुष्परिणामों के विषय में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थ व्यक्ति के मान सम्मान पर कलंक लगा देते हैं। शरीर पर इनका विपरीत प्रभाव पड़ता है और कई बीमारियां लग जाती हैं।
सोमवार को हुए कार्यक्रम में सीओ ने कहा कि शराब मनुष्य की सेहत के लिए नुकसानदेह है। नशा किसी भी प्रकार का हो, उसके करने से व्यक्ति में विकार आने लगते हैं। धीरे-धीरे शराबी व्यक्ति की जिंदगी तबाह हो जाती है और वह अपना अच्छा-बुरा सोचने तक के लायक नहीं रहता। अधिक शराब पीने से परिवार में कलह रहती है। घर की महिलाओं के साथ अत्याचार की घटनाएं बढ़ती हैं। विशिष्ट अतिथि प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. इमरान खान ने कहा कि शराब पीने से मनुष्य को कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के साथ-साथ एलर्जी, हृदय रोग, हाई ब्लडप्रेशर, गठिया, मोटापा जैसी अनेक बीमारियां हो जाती हैं और याददाश्त कमजोर हो जाती है। कभी-कभी असमय मृत्यु हो जाती है। प्रधानाचार्य डॉ. दबीरूल हसन ने बालिकाओं से अपील की कि वे शराब के दुष्परिणाम बताकर लोगों में जागरूकता पैदा करें। इस मौके पर इंस्पेक्टर कुशलवीर सिंह, नसीम अहमद खां, डॉ. सरित तोमर आदि मौजूद रहे।