बरेली के भोजीपुरा रेलवे स्टेशन के पास 10 वर्षीय बच्ची चलती ट्रेन से गिरकर घायल हो गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके सिर में गंभीर चोट लगी है।
बरेली के सुभाषनगर थाना क्षेत्र के नेकपुर गल्ला मंडी निवासी परिवार की 10 वर्षीय बच्ची सोमवार रात चलती ट्रेन से गिरकर गंभीर घायल हो गई। हादसा भोजीपुरा रेलवे स्टेशन के पास हुआ। बच्ची के सिर में गंभीर चोट आई है। जिला अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है।
विज्ञापन
परिजन के अनुसार, रामवती अपनी बेटी संतोष की 10 वर्षीय बेटी रोशनी के साथ ट्रेन से बहेड़ी के किच्छा जा रही थीं। भोजीपुरा रेलवे स्टेशन के पास रोशनी अचानक चलती ट्रेन से नीचे गिर गई। हादसे के बाद यात्रियों ने ट्रेन रुकवाई और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की मदद से बच्ची को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही बच्ची के अन्य परिजन पहुंच गए। परिजन के मुताबिक, बच्ची ट्रेन से किस तरह नीचे गिरी, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं हो सकी है। चिकित्सकों के अनुसार उसके सिर में चोट है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।