बरेली। बारादरी पुलिस ने गंगापुर में छापा मारकर दस सटोरियों को सट्टे की पर्चियों समेत दबोच लिया। उनके पास से करीब नौ हजार रुपये भी मिले हैं। वे आईपीएल पर सट्टा लगवा रहे थे। मंगलवार को सबको जेल भेजा जाएगा। हालांकि सरगना मौके से भाग गया।
सीओ श्वेता यादव को रात नौ बजे सूचना मिली कि कुछ लोग आईपीएल पर सट्टा लगा रहे हैं। उन्होंने तुरंत बारादरी इंस्पेक्टर शितांशु शर्मा, श्यामगंज चौकी इंचार्ज राजेंद्र सिंह सिरोही को मौके पर भेजा। पुलिस को देखते ही वहां हड़कंप मच गया। सरगना तन्नू मौका देखकर फरार हो गया। पुलिस ने मौके से पप्पू, शिवशंकर, दीपक, रिजवान, मुनीश गुप्ता, श्रीपाल, नूरुद्दीन, महेंद्र पाल और झांझन लाल को सट्टे की पर्चियों के साथ दबोच लिया। इनके पास से करीब नौ हजार रुपये बरामद हुए हैं। सरगना तन्नू की तलाश के लिए एक टीम बनाई गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।