बाराबंकी। नवरात्र के दूसरे दिन रविवार को देवी मंदिरों में भक्तों की भीड़ लगी रही। श्रद्धालुओं की लंबी कतारें और चारों ओर गूंजते जयकारे के बीच शहर व ग्रामीण इलाकों के देवी मंदिरों में मां की आराधना का दौर चलता रहा। छोटे-बड़े मंदिरों में देवी गीतों के बीच माता की भक्ति की धूम रही। मंदिरों में देवी स्तुति के बीच भजन व कीर्तन होता रहा। श्रद्धालुओं ने माता रानी के ब्रह्मचारिणी स्वरूप की आराधना कर सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मांगा।
जिले भर में नवरात्र पर्व की धूम है। रविवार को श्रद्धालुओं ने माता रानी के ब्रह्मचारिणी स्वरूप की पूजा-अर्चना की। शहर स्थित बड़ी देवी मंदिर मेें विभिन्न फूलों से मां का शृंगार हुआ। आकर्षक रूप से सजी व फूलों से सुसज्जित माता की आभा देखते ही बनती है। शाम को हुई आरती में भक्तों की भारी भीड़ रही। देर शाम ढोल-मंजीरे के साथ बड़ी देवी माता मंदिर में महिलाओं ने संगत कर देवी गीत गाए।
बीबीपुर शक्तिपीठ, सतरिख क्षेत्र के डल्लू खेड़ा गांव में सैलानी माता मंदिर व सफदरगंज क्षेत्र के अंबौर स्थित मां ज्वालामुखी मंदिर पर दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। पूरा दिन हैदरगढ़, रामनगर, फतेहपुर, सिरौलीगौसपुर, रामसनेहीघाट, दरियाबाद, मसौली, सिद्धौर, कुर्सी, मूर्ति माता मंदिर रमसहाय आदि इलाकों में स्थित मां दुर्गा के सभी छोटे-बड़े मंदिरों में सुबह से शाम तक पहुंचे भक्तों ने मां की स्तुति कर उनके द्विताय स्वरूप ब्रह्मचारिणी की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद मांगा।
मंदिरों के बाहर सजी दुकानों पर मिठाई, फूल व चुनरी से लेकर नारियल की ब्रिकी होती रही। इसी तरह शहर स्थित बड़ी माता मंदिर, संतोषी माता मंदिर, छोटी देवी मंदिर, भुईहारे माता मंदिर, पूर्वी देवी मंदिर में भी माता के जयकारों के बीच भक्तों ने पूजा-अर्चना की। हर तरफ घर से लेकर मंदिरों में भक्ति भाव देखने को मिला, लोग मां की आराधना में जुटे रहे।