निंदूरा (बाराबंकी)। तीन महीने पहले लापता हुए अधेड़ का कंकाल गांव के बाहर तालाब में मिला। उसकी गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस भी तलाश कर रही थी। परिवारीजनों ने कपड़े से उसकी शिनाख्त की। पुलिस डीएनए जांच भी कराएगी। परिवारीजनों ने किसी पर कोई आरोप अभी नहीं लगाया है।
घटना घुंघटेर थाना क्षेत्र के ग्राम ताहिरपुर टेरी की है। रविवार को एक युवक गांव के बाहर स्थित तालाब में मछली पकड़ने गया था। कुछ देर बाद वह बदहवास हालात में गांव वापस लौटा और बताया कि तालाब में कंकाल पड़ा है। कुछ ही देर में ग्रामीणों की भीड़ तालाब किनारे जुट गई। वहां पहुंची गांव की ही कन्यावती ने कपड़ों से कंकाल की शिनाख्त अपने पति बाबादीन (55) के रूप में की।
परिवारीजनों का कहना रहा कि वे पिछले तीन माह से बाबादीन की तलाश कर रहे थे। मौके पर पहुंची घुंघटेर पुलिस ने परिवारीजनों के बयान दर्ज करने के बाद कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजवा दिया। घटना के बाद से बाबादीन के परिवारीजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। उसके परिवार में पत्नी, तीन पुत्री व दो पुत्र हैं।
थानाध्यक्ष अमर सिंह चौरसिया ने बताया कि प्रथम दृष्टया अधेड़ की मौत तालाब में डूूबकर होनी प्रतीत हो रही है। परिवारीजनों ने भी कोई आरोप नहीं लगाया है। अधेड़ मानसिक रूप से बीमार था। डीएनए जांच भी कराई जा रही है ताकि पहचान की पूरी तरह से पुष्टि हो सके।