बाराबंकी। विधानसभा चुनाव को लेकर चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान का रविवार को अंतिम दिन होगा। अब तक 51 हजार से अधिक लोगों ने फॉर्म-6 भरकर मतदाता बनने के लिए आवेदन किया है। इनमें 26 हजार से अधिक महिलाएं शामिल हैं। फॉर्म की जांच के बाद पोर्टल पर फीडिंग का कार्य तेजी से चल रहा है।
निर्वाचन आयोग ने 5 दिसंबर तक मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान का समय निर्धारित किया था। जिसका रविवार को अंतिम दिन है। इससे पहले एक से 30 नवंबर तक मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान का समय निर्धारित किया गया था। अभियान के तहत मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, मृतकों के नाम हटाने और संशोधन आदि की कार्रवाई की जा रही है।
इस बीच 7, 13, 21 और 28 नवंबर को विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण दिवस भी आयोजित किया गया। जिसमें बीएलओ बूथों पर मौजूद रहकर लोगों के फार्म जमा किए। मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए अब तक 51 हजार आवेदन फार्म-6 के रुप में आए हैं। इनमें लगभग 26 हजार महिलाएं शामिल हैं।
एसडीएम की निगरानी में तहसीलों आवेदनों की फीडिंग का तेजी से किया जा रहा है। लोगों ने निर्वाचन आयोग के वोटर हेल्पलाइन के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन किया है। रविवार के बाद मतदाता सूची में किसी भी प्रकार के संशोधन, नाम घटाने, बढ़ाने आदि का काम नहीं हो सकेेगा।
इस बाबत सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ.राजेश कुमार ने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा बढ़ाई गई तिथि के बाद रविवार को मतदाता सूची पुनरीक्षण का अंतिम दिन है। इसके बाद पुनरीक्षण संबंधी कोई भी कार्य नहीं कराया जा सकेगा।