बाराबंकी। केडी सिंह बाबू स्टेडियम में जिला टेनिस क्रिकेट बॉल टूर्नामेंट में शनिवार को तीन मैच खेले गए। इससे पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन जिलाधिकारी डॉ. आदर्श सिंह व एसडीएम सुमित यादव ने संयुक्त रूप से किया। डीएम और एसडीएम ने दोनों टीम के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के बाद बल्लेबाजी और गेंदबाजी कर खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया।
जिला टेनिस क्रिकेट बॉल टूर्नामेंट में पहला मैच बर्बर इलेवन और आर्यावर्त के बीच खेला गया। बर्बर इलेवन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। आर्यावर्त टीम बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 60 रन पर ऑल आउट हो गई। वहीं बर्बर इलेवन टीम ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट खोकर 6 ओवर 5 गेंदों पर 60 रन बनाकर जीत हासिल की।
दूसरा मैच यूथ वैरियर्स व अमेरिकन वैरियर्स के बीच हुआ जिसमें अमेरिकन वैरयिर्स ने मैच जीत लिया। तीसरा मैच में बर्बर इलेवन को हराकर अमेरिकन वैरियर्स ने जीत हासिल की। आयोजक मोहसिन मतीन ने बताया कि टूर्नामेंट में 16 टीमें भाग लेंगी। इस अवसर पर डॉ. फैसल खान, सलाउद्दीन किदवई, जातिन चौधरी, असद साजिद, अंकुर माथुर, आलोक सरदार, हुमायूं नईम खान, दानिश सिद्दकी आदि मौजूद रहे।
रामनगर स्थित यूनियन इंटर कॉलेज में शनिवार को हुई ब्लॉक स्तरीय बेसिक स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में ओवरऑल चैंपियन न्याय पंचायत अमोली कला रहा। प्राथमिक विद्यालय स्तर की 50 मीटर दौड़ बालक वर्ग में प्रथम स्थान शोभित, प्राथमिक विद्यालय बिरौली तथा बालिका वर्ग में निशा यादव प्राथमिक विद्यालय बरियारपुर रहे। साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं में अजय, ललित, प्रमिला, दीपक, महक आदि विजयी रहे। इससे पूर्व एसडीएम केडी शर्मा ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया और बच्चों व शिक्षकों को खेल शपथ दिलाई।
सिद्धौर में ब्लॉक संसाधन केंद्र पर ब्लॉक स्तरीय खेल कूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें 50 मीटर, सौ मीटर, दो सौ मीटर बालक-बालिका दौड़, गोला फेंक, चक्का फेंक, लंबी व ऊंची कूद, खो-खो, कबड्डी, प्रतियोगिताएं प्राथमिक और जूनियर स्तर पर हुई। उच्च प्राथमिक व प्राथमिक स्तर की कबड्डी बालक व बालिका में नवाबपुर कोडरी ओवरऑल बना।
प्रताप हाउस ने जीता मैच
सेंट्रल एकेडमी विद्यालय में चल रहे इंटर हाउस स्पोर्ट्स मीट में शनिवार को क्रिकेट मैच का फाइनल मैच खेला गया। जूनियर वर्ग का मैच प्रताप हाउस और टैगोर हाउस के बीच खेला गया जिसमें प्रताप हाउस ने जीत हासिल की। सीनियर वर्ग में शास्त्री और प्रताप हाउस में मुकाबला हुआ, जिसमें प्रताप हाउस ने जीत हासिल की। सभी प्रतिभागियों को सोमवार को पुरस्कृत किया जाएगा। इस मौके पर विद्यालय के चेयरमैन डॉ संगम मिश्रा, निदेशक हरीश पांडेय जी, वीना पांडेय, प्रधानाचार्या डॉ. अंजलि श्रीवास्तव आदि मौजूूद रहे।