दरियाबाद (बाराबंकी)। कोतवाली क्षेत्र दरियाबाद में बृहस्पतिवार शाम बाइक की टक्कर से पैदल जा रहे सराय सिंघई ग्राम पंचायत के प्रधान संजय यादव (42) की मौत हो गई। बाइक सवार घायल हो गया। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार संजय यादव बृहस्पतिवार शाम को शौच के लिए खेत की ओर जा रहे थे। उसी दौरान दरियाबाद-आलियाबाद मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक पीछे से आकर प्रधान से टकरा गई जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक भी सड़क पर जा गिरी और उस पर सवार दरियाबाद का ही युवक अंकित घायल हो गया। तीसरे युवक रामकुमार को ज्यादा चोट नहीं आई।
स्थानीय लोग प्रधान को आननफानन सीएचसी मथुरा नगर ले गए जहां चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया। संजय की पत्नी शिक्षामित्र हैं, उनके एक पुत्र व एक पुत्री है। कुछ ही देर में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। बिलख रहे परिजनों को संभालना मुश्किल हो गया। कोतवाल मनोज सोनकर ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।